सरपंच ने पुल निर्माण में गड़बड़ी का लगाया आरोप, बिना छड़ के बनाने का दावा

रायगढ़। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला छाल क्षेत्र के पुसलदा गांव से सामने आया है, जहां प्रधानमंत्री सड़क मार्ग के तहत बनाए गए पुल और रिटर्निंगवाल के निर्माण में गंभीर गड़बड़ी की शिकायत की गई है।
ग्राम पंचायत पुसलदा की सरपंच कमला बाई राठिया ने तहसीलदार के नाम लिखित आवेदन देकर बताया है कि प्रधानमंत्री सड़क मार्ग खेदापाली से पुसलदा मार्ग पर 54 लाख रुपए की लागत से तीन छोटे पुलों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा पुसलदा से बेहरामुड़ा मार्ग पर मिट्टी कटाव रोकने के लिए रिटर्निंगवाल (दीवार) का निर्माण किया गया है।
सरपंच के अनुसार, मिट्टी कटाव रोकने के लिए बनाई गई दीवार में मानक के अनुरूप सरिया (लोहे) का उपयोग नहीं किया गया है। निर्माण के बाद दीवार पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया गया, जिससे सीमेंट उखड़ने लगा है और दीवार कमजोर दिखाई दे रही है। उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से गुणवत्ताहीन निर्माण बताया है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सीसी रोड का निर्माण कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है। निर्माण के दौरान पुराने पानी निस्तारी नाली और पाइपलाइन को तोड़ दिया गया, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।





