छत्तीसगढ़

सलवार गैंग का भंडाफोड़, पोशाक पहनकर करते थे लूटपाट

Nilmani Pal
6 July 2026 5:32 PM IST
सलवार गैंग का भंडाफोड़, पोशाक पहनकर करते थे लूटपाट
x

कोरबा। जिले में दिनदहाड़े कट्टा और चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। तीनों आरोपी अंगूठी देखने के नाम पर ज्वेलरी शॉप में घुसे थे, इस दौरान एक आरोपी सलवार सूट पहने हुए था। आरोपियों ने ज्वेलरी संचालक की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, फिर कट्टा दिखाकर गहने लूटकर फरार हो गए थे।

जानकारी के मुताबिक, राज ज्वेलर्स दुकान के संचालक राजकुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाया था कि 1 जुलाई 2026 की दोपहर 1 बजे वो अपनी दुकान में थे। इस दौरान गमछे से चेहरा ढंके तीन लोग शाॅप पहुंचे थे। इनमें से एक ने महिला का भेष बनाया हुआ था।

आरोपियों ने चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा, जिसके बाद एक आरोपी ने शाॅप का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया। दूसरे आरोपी ने अपने पास रखा कट्टा निकालकर संचालक को दिखाया, जिसके बाद आरोपियों और संचालक के बीच झूमा -झटकी होने लगी। एक आरोपी खुद को दुकानदार के चंगुल से छुड़ाने के लिए मिर्च पाउडर भी फेंका। इस बीच महिला के भेष में पहुंचा आरोपी काउंटर के अंदर से ज्वेलरी समेटकर फरार हो गया। वहीं, दो अन्य आरोपी भी भागने में सफल रहे। आरोपियों ने भागने के दौरान कट्टा और मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए थे।

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज कैमरा खंगाला गया। जांच में पता चला कि आरोपी जंगल के रास्ते भागे थे। पुलिस की टीम ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर व अंबिकापुर सहित अन्य क्षेत्रों में रेड कार्रवाई की और दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों पूर्व में हत्या, दुष्कर्म समेत अन्य अपराध में सजा काट चुके हैं। जेल में ही तीनों की पहचान हुई थी। रिहाई के बाद तीनों ने लूट की योजना बनाई थी। चोरी की बाइक और कट्टा खरीदकर ज्वेलरी दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिए थे। फिलहाल दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, एक अन्य फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

Next Story