रायपुर में 28 जुलाई को बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे सचिन पायलट

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट 28 जुलाई को रायपुर दौरे पर आएंगे। माना जा रहा है कि वे NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस के चल रहे प्रदर्शन में शामिल होंगे। हालांकि, उनके दौरे की अवधि और अन्य कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पायलट के दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों की भी संभावना है। हाल के दिनों में प्रदेश कांग्रेस के संगठन में बदलाव और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों के बीच इस दौरे को अहम माना जा रहा है।
इससे पहले 25 जून को सचिन पायलट रायपुर आए थे। उस दौरान उन्होंने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था और मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा था। रायपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा था कि भाजपा को कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर की चिंता छोड़कर अपनी सरकार और संगठन की अंदरूनी खींचतान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस 135 साल पुरानी पार्टी है और नए जिला अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पायलट ने यह भी कहा था कि राहुल गांधी की सोच के अनुरूप कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी है। देशभर में चल रहे प्रशिक्षण शिविरों में राजनीतिक, सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जा रही है, साथ ही भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच ले जाने की रणनीति भी तैयार की जा रही है।





