छत्तीसगढ़

विधायक की पहल से रुद्रांश को नई जिंदगी मिली

Nil dhankar
25 Feb 2026 9:36 AM IST
विधायक की पहल से रुद्रांश को नई जिंदगी मिली
x

दुर्ग। जिले के खुर्सीपार में रहने वाले एक गरीब परिवार के 2 साल के मासूम रुद्रांश को नई जिंदगी मिली है। जन्म से ही उसके दिल में छेद था और वह गंभीर हृदय रोग से पीड़ित था। दिल्ली में उसकी सफल ओपन हार्ट सर्जरी की गई।

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने इलाज से लेकर दिल्ली आने-जाने और ठहरने तक का पूरा खर्च उठाया। दरअसल, रुद्रांश का जन्म 1 मार्च 2024 को हुआ था। जन्म के कुछ समय बाद ही डॉक्टरों ने बताया कि उसके दिल में छेद है और खून का बहाव सही तरीके से नहीं हो रहा।

जांच में पता चला कि उसे टीजीए, वीएसडी और नसों के संकुचित होने जैसी गंभीर समस्याएं हैं। उसे सांस लेने और दूध पीने में भी परेशानी होती थी। रुद्रांश के माता-पिता सविता और जयरामदास मानिकपुरी आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उनके लिए दिल्ली में इलाज कराना संभव नहीं था। उन्होंने कई लोगों से मदद मांगी, लेकिन कहीं से खास सहयोग नहीं मिला।

आखिरकार परिवार ने वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन से संपर्क किया। बताया जाता है कि परिवार उनके क्षेत्र का निवासी भी नहीं है, फिर भी विधायक ने पूरी जिम्मेदारी ली। उन्होंने इलाज, दिल्ली आने-जाने, रहने और दवाइयों का पूरा खर्च उठाया। इलाज की प्रक्रिया दिसंबर 2024 से शुरू हुई। दिल्ली के एम्स दिल्ली में लगातार जांच, काउंसलिंग और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चला। इस दौरान लगभग 18 बार दिल्ली आना-जाना पड़ा। हर बार यात्रा, ठहरने और दवाओं का खर्च विधायक ने उठाया है।

Next Story
null