छत्तीसगढ़

सरकारी नौकरी के नाम पर 5.90 लाख की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
23 Nov 2026 6:48 PM IST
सरकारी नौकरी के नाम पर 5.90 लाख की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की सुपेला थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के छतरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नगर निगम रायपुर और मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रार्थी तापस मंडल से अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से कुल 5 लाख 90 हजार रुपये प्राप्त किए थे। मामले में न्यायालय के आदेश पर अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी की लगातार तलाश करते हुए उसे 23 नवंबर 2026 को छतरपुर से हिरासत में लिया और वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तापस मंडल ने आरोपी अंकित कुमार रैकवार के खिलाफ शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने की शिकायत न्यायालय में प्रस्तुत की थी। प्रार्थी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 175(3) के तहत परिवाद दाखिल किया था। न्यायालय के निर्देश पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1202/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। शिकायत के अनुसार, आरोपी अंकित कुमार रैकवार ने शुरुआत में नगर निगम रायपुर में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर प्रार्थी से 50 हजार रुपये लिए थे। हालांकि, नौकरी नहीं लगने पर आरोपी ने यह रकम वापस कर दी थी। इसके बाद आरोपी ने मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि मंत्रालय में नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी ने 21 मई 2025 से 24 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग तिथियों में विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से कुल 5 लाख 90 हजार रुपये प्राप्त किए। रकम देने के बावजूद प्रार्थी को नौकरी नहीं मिली। इसके बाद मामला न्यायालय तक पहुंचा और न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सुपेला पुलिस ने प्रार्थी तापस मंडल और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके साथ ही संबंधित बैंकों से रकम के लेनदेन की जानकारी प्राप्त कर साक्ष्य संकलित किए गए। बैंक खातों में हुए लेनदेन और गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की भूमिका की जांच की।
अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी अंकित कुमार रैकवार को विवेचना में उपस्थित होने के लिए कई बार निर्देशित किया गया, लेकिन वह पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद सुपेला पुलिस ने आरोपी की पतासाजी तेज कर दी। लगातार तलाश के दौरान पुलिस को आरोपी के मध्यप्रदेश के छतरपुर में होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने 23 नवंबर 2026 को छतरपुर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और उसे थाना सुपेला लाया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी से विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से रकम प्राप्त करने और उसे खर्च करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने प्रार्थी को 10 हजार रुपये वापस करने की जानकारी भी दी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार रैकवार, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 69, साईं मंदिर के पीछे, शिवम विहार, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक लेखन साहू और आरक्षक रमेश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपये देने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें और उसका सत्यापन अवश्य करें। सरकारी नौकरियों में भर्ती निर्धारित नियमों और आधिकारिक प्रक्रिया के तहत ही होती है। नौकरी लगवाने का झांसा देकर रकम मांगने वाले लोगों से सतर्क रहें और धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Next Story