छत्तीसगढ़

गुढ़ियारी में चाकू दिखाकर लूट, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
4 Jun 2025 7:44 PM IST
गुढ़ियारी में चाकू दिखाकर लूट, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक बड़ी लूट की घटना को पुलिस ने महज कुछ घंटों में सुलझाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने वालों में से एक आरोपी उसी कंपनी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत था, जहां से लूटी गई राशि लाई जा रही थी। पुलिस की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं गुढ़ियारी थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ आरोपियों को पकड़ा, बल्कि लूट की पूरी रकम और अन्य सामग्री भी बरामद कर ली है।
घटना का विवरण: चाकू की नोंक पर लूट
घटना 3 जून 2025 की रात करीब 8:35 बजे की है। तनिष इंटरप्राइजेज में कार्यरत सूरज सिंह और उसके साथी नूतन देवांगन तेलघानी नाका स्थित ऑफिस में मुंशी का काम करते हैं। रोज की तरह दिन का हिसाब-किताब कर वे ऑफिस में रखी नगद राशि ₹8,75,800 को स्कूटी की डिक्की में रखकर अन्ना चौक स्थित मालिक के घर देने के लिए रवाना हुए। जैसे ही सूरज नया तालाब क्षेत्र में पहुँचा, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसका रास्ता रोका और चाकू की नोंक पर स्कूटी सहित नगदी रकम लूट ली।
प्राथमिकी दर्ज और उच्चस्तरीय जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना में अपराध क्रमांक 291/25 धारा 127(2), 309(4), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी संजय सिंह, सीएसपी पूर्णिमा लामा, थाना प्रभारी गुढ़ियारी और एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को जांच के निर्देश दिए।
सीसीटीवी और मुखबिरों के जरिए सुराग
संयुक्त पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही पीड़ित, उसके मालिक और कंपनी के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। शक की सुई जल्द ही कंपनी में कार्यरत वाहन चालक हुलेश कुमार देवांगन पर जाकर ठहर गई। पूछताछ के दौरान उसने बार-बार अपना बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, जिससे उसका शक गहराता गया।
साजिश का खुलासा: कंपनी के अंदर से मिली थी जानकारी
कड़ाई से पूछताछ करने पर हुलेश टूट गया और उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी रूपेश साहू के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। उसे पहले से पता था कि प्रार्थी सूरज सिंह इतनी बड़ी रकम लेकर मालिक के घर जाएगा। दोनों आरोपियों ने तेलघानी नाका से सूरज का पीछा किया और नया तालाब के पास लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट की संपूर्ण राशि ₹8,75,800 नकद, ई-स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू, एक मोटरसाइकिल और एक ज्यूपिटर स्कूटर को जब्त किया। कुल बरामदगी की कीमत लगभग ₹11 लाख आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
हुलेश कुमार देवांगन (45 वर्ष), निवासी अन्ना चौक, थाना गुढ़ियारी, रायपुर
रूपेश साहू (26 वर्ष), निवासी मंगल बाजार, थाना गुढ़ियारी, रायपुर, स्थायी पता – ग्राम लेंजवारा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा
पुलिस की टीम रही सक्रिय
इस पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक कृष्ण कुमार कुशवाहा, प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय, उपनिरीक्षक सतीश पुरिया, प्र.आर. कुलदीप द्विवेदी, जसवंत सोनी, आरक्षक संदीप सिंह, अविनाश देवांगन, हिमांशु राठौर, वीरेन्द्र बहादुर, महेन्द्र पाल साहू, कैलाश केशरवानी, धन्ना लाल पठारे, घनश्याम तिवारी और रवि तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story
null