छत्तीसगढ़

दो इलाकों में लूट का खुलासा 5 आरोपी और एक नाबालिग पकड़ाया

Shantanu Roy
15 Sept 2026 9:41 PM IST
दो इलाकों में लूट का खुलासा 5 आरोपी और एक नाबालिग पकड़ाया
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुई लूट की दो घटनाओं के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा गया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल छह लोगों को पकड़ा। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा और बिना नंबर की केटीएम बाइक जब्त की है। दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

पहली घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में 4 सितंबर 2026 की सुबह हुई थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह महामाई फैंसी स्टोर्स के पास मौजूद था। इसी दौरान मोटरसाइकिल से दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसका रास्ता रोक लिया और डराते-धमकाते हुए पैंट की जेब में रखे 2 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुरानी बस्ती थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 468/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(2) और 3(5) के तहत जांच शुरू की गई।

इसी दिन टिकरापारा थाना क्षेत्र में भी लूट की एक और वारदात सामने आई। पुलिस के अनुसार मठपारा स्थित दुर्गा चौक के पास सुबह के समय छह लोगों ने एक युवक को घेर लिया। आरोप है कि चाकू दिखाकर उसे डराया-धमकाया गया और उसका मोबाइल फोन तथा 1900 रुपये नकद लूट लिए गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 865/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 310(2) के तहत जांच शुरू की गई। एक ही दिन दो थाना क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के लिए संयुक्त टीम लगाई गई।

पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की टीम ने जांच शुरू की। दोनों पीड़ितों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई। आरोपियों के हुलिए, उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहनों और वारदात के तरीके की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों घटनास्थलों और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। वारदात के तरीके के आधार पर पहले लूट के मामलों में शामिल रहे लोगों की जानकारी भी जुटाई गई। मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्धों के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी (21), डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू (19), रितेश विश्वास (32), भवम साहू (21) और सुभेद कुमार हुमने उर्फ सुमेन (19) को पकड़ा। इनके साथ विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुरानी बस्ती क्षेत्र में हुई लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ में टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुई लूट से भी इनके तार जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस अब दोनों घटनाओं को लेकर आरोपियों से विस्तृत पूछताछ करने के साथ अन्य आपराधिक वारदातों में उनकी संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा क्रमांक CG 04 LH 5812 और बिना नंबर की केटीएम बाइक जब्त की है। दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में से कुछ का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी पूर्व में कोतवाली थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल जा चुका है। वहीं डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू के भी टिकरापारा थाना क्षेत्र के एक पुराने प्रकरण में जेल जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। फिलहाल पांचों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, जबकि नाबालिग के मामले में किशोर न्याय से संबंधित प्रक्रिया अपनाई गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन लोगों की राजधानी में हुई अन्य लूट या आपराधिक घटनाओं में कोई भूमिका रही है या नहीं।
Next Story