10 करोड़ में एक माह पहले बनाई गई सड़क उखड़ी, भ्रष्टाचार की जांच की मांग

राजनांदगांव। शहर में हाल ही में 10 करोड़ रुपये की लागत से 42 सड़कों का निर्माण किया गया है। इनमें शहर की कुछ ऐसी सड़कें भी शामिल हैं जिनमें भ्रष्टाचार की झलक साफ दिखाई दे रही है। यह सड़कें पहली ही बारिश में उखड़ने लगी हैं। शहर के मानव मंदिर चौक से दुर्गा चौक तक बनी सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल पाई और जगह-जगह से उखड़ने लगी है। इस सड़क का निर्माण लगभग एक माह पूर्व ही किया गया था।
इस नई सड़क की गुणवत्ता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह सड़क कई स्थानों पर उखड़ चुकी है। गांधी चौक से दुर्गा चौक के बीच सड़क का एक बड़ा हिस्सा बेहद खराब स्थिति में है। जगह-जगह गड्ढे नज़र आ रहे हैं, विशेष रूप से ब्राह्मणपारा चौक के पास यह सड़क बेहद खस्ताहाल दिख रही है।
यह सड़क अपने निर्माण के बाद एक माह भी नहीं टिक पाई। शहर में इस तरह की गुणवत्ताहीन सड़कों को लेकर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि जहां-जहां इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त होंगी, वहां परीक्षण कराकर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।





