छत्तीसगढ़

PDS दुकान से निजी पिकअप में लोड हो रहा था चावल, पुलिस ने वाहन थाने में कराया खड़ा

Shantanu Roy
23 Sept 2026 4:02 PM IST
PDS दुकान से निजी पिकअप में लोड हो रहा था चावल, पुलिस ने वाहन थाने में कराया खड़ा
x
छग
Abhanpur. अभनपुर। गोबरा नवापारा में रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित उचित मूल्य दुकान से बुधवार सुबह एक निजी पिकअप वाहन में चावल लोड किए जाने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद कांग्रेसी पार्षद और कुछ स्थानीय नेता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। गोबरा नवापारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चावल से लदे पिकअप वाहन को थाना परिसर में खड़ा कराया है। वहीं खाद्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रेलवे क्रॉसिंग के पास कुमकुम
महिला सशक्तिकरण
समूह द्वारा उचित मूल्य दुकान संचालित की जाती है। बुधवार सुबह करीब 8 बजे दुकान से एक निजी पिकअप वाहन में चावल की बोरियां लोड की जा रही थीं। निजी वाहन में पीडीएस का चावल लोड किए जाने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। सूचना मिलने पर कांग्रेसी पार्षद एवं कुछ नेता मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान से चावल बाहर ले जाने को लेकर सवाल उठाए और इसकी जानकारी गोबरा नवापारा पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चावल से लदे पिकअप को अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कराया।
निजी पिकअप में क्यों लोड किया गया चावल?
मामला सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि उचित मूल्य दुकान से चावल निजी पिकअप वाहन में किस उद्देश्य से लोड किया जा रहा था। चावल कहां ले जाया जाना था और इसके लिए संबंधित विभाग या अधिकारी से किसी तरह की अनुमति ली गई थी या नहीं, इन बिंदुओं की जांच की जा रही है। यदि चावल का परिवहन किसी नियमित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा था तो उससे जुड़े दस्तावेज, अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया भी जांच का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल खाद्य विभाग की जांच पूरी होने से पहले चावल के परिवहन को अवैध या वैध बताना उचित नहीं होगा।
कई घंटे बाद थाने पहुंची खाद्य विभाग की टीम
घटना के कई घंटे बाद सहायक खाद्य निरीक्षक विवेक शुक्ला और खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान अपनी टीम के साथ गोबरा नवापारा थाने पहुंचे। खाद्य विभाग की टीम ने मामले से संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए और चावल के परिवहन से जुड़ी जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि संबंधित उचित मूल्य दुकान से नगर के वार्ड क्रमांक 20 और 21 के हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में हितग्राहियों के लिए आवंटित चावल को निजी पिकअप वाहन में लोड किए जाने के मामले में नियमों और प्रक्रिया के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खाद्य विभाग की जांच में दुकान में उपलब्ध स्टॉक, आवंटन, वितरण रिकॉर्ड और वाहन में लोड किए गए चावल की मात्रा सहित अन्य दस्तावेजों की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चावल को दुकान से बाहर ले जाने की वजह क्या थी।
जांच के बाद साफ होगी वास्तविक स्थिति
मामले में फिलहाल खाद्य विभाग की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पिकअप में लोड किया गया चावल किसके लिए था, उसे कहां ले जाया जा रहा था और उसके परिवहन के लिए क्या अनुमति या दस्तावेज मौजूद थे। इस संबंध में खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान ने कहा कि वह मामले में किसी प्रकार की जानकारी देने के लिए सक्षम अधिकारी नहीं हैं और मामले की जांच जारी है। अब खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पुलिस ने चावल से लदे वाहन को थाना परिसर में खड़ा कराया है और खाद्य विभाग मामले की जांच कर रहा है।
Next Story