छत्तीसगढ़
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर भाठागांव में चला राहत-बचाव अभियान
Shantanu Roy
27 Sept 2026 10:33 PM IST

x
313 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
Raipur. रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर ग्राम भाठागांव में बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में एसडीआरएफ की सहायता से कुल 313 बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सभी प्रभावितों के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद बचाव अभियान पूर्ण कर लिया गया है। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एसडीएम नंद कुमार चौबे और नायब तहसीलदार प्रवीण परमार ने मौके पर रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की तथा एसडीआरएफ, पुलिस एवं अन्य संबंधित अमले के साथ समन्वय कर रेस्क्यू कार्य को गति दी।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और जलभराव कम होने के बाद भी सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक प्रशासनिक अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर लगातार तेजी से कम हो रहा है। जिन क्षेत्रों से बाढ़ का पानी उतर चुका है, वहां सीएसपीडीसीएल द्वारा विद्युत आपूर्ति पुनः प्रारंभ कर दी गई है। वहीं जिन क्षेत्रों में अभी भी जलभराव है, वहां सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई है। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की गई है। जलस्तर कम होने के साथ भाठागांव में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र की सतत निगरानी की जा रही है।
Next Story





