छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस की सेवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का सहयोग

Shantanu Roy
21 Sept 2026 9:40 PM IST
छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस की सेवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का सहयोग
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की स्वास्थ्य एवं मानवीय सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने नई दिल्ली स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के राष्ट्रीय मुख्यालय में महासचिव (राष्ट्रीय प्रभारी) ललित वाधवा से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस की सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्यालय की संयुक्त सचिव डॉ. वंशश्री सिंह एवं कौस्तुभ दिनकर कुकड़े से भी मुलाकात कर छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की सेवा गतिविधियों, आवश्यकताओं एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की ओर से राज्य की स्वास्थ्य एवं मानवीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक सेवा-विस्तार एवं संस्थागत सुदृढ़ीकरण प्रस्ताव राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के ग्रामीण, आदिवासी, दूरस्थ एवं जरूरतमंद क्षेत्रों तक रेड क्रॉस की सेवाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
प्रस्ताव में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एम्बुलेंस सुविधा, चलित रक्तदान सेवाओं का विस्तार,
प्राथमिक उपचार
एवं प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता प्रशिक्षण, रक्त सेवाओं एवं रक्त भंडारण व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता तथा मानवीय राहत सेवाओं को मजबूत करने के संबंध में सहयोग का अनुरोध किया गया। इसके साथ ही सुरगुजा एवं बस्तर जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता, सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से संबंधित जनजागरूकता एवं सहायता, स्वैच्छिक रक्तदाता नेटवर्क को मजबूत करने तथा जरूरतमंद मरीजों तक सहायता पहुंचाने के लिए विशेष पहल पर भी चर्चा की गई।
डुबचेरा, गुरुर तहसील, जिला बालोद में उपलब्ध भवन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा को विकसित करने के लिए आवश्यक सहयोग का विषय भी राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष रखा गया। राज्य शाखा का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों एवं राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूत करना है। नई दिल्ली प्रवास के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (NOTTO) के निदेशक कुमार से भेंट कर छत्तीसगढ़ में नेत्रदान एवं अंगदान को बढ़ावा देने तथा इस दिशा में जनजागरूकता एवं जनभागीदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की।
इस दौरान छत्तीसगढ़ के राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO) के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रदेश में नेत्रदान एवं अंगदान के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य करने की दिशा में भी चर्चा हुई। रेड क्रॉस राज्य शाखा का उद्देश्य इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान एवं अंगदान के लिए प्रेरित करना तथा जरूरतमंद मरीजों तक मानवीय सहायता और जीवनदायी सेवाओं को पहुंचाने में सहयोग करना है।
बैठक के दौरान चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे विशाल एवं भौगोलिक रूप से विविध राज्य में स्वास्थ्य एवं मानवीय सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए रेड क्रॉस की भूमिका को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस केवल आपातकाल के समय सहायता देने वाली संस्था के रूप में नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रतिक्रिया और जनजागरूकता के क्षेत्र में लोगों की निरंतर सेवा करने वाली मजबूत संस्था के रूप में और अधिक प्रभावी बने। विशेष रूप से ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने आगे कहा कि रेड क्रॉस का मूल आधार मानवता और सेवा है। हमारा संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने में दूरी या संसाधनों की कमी बाधा न बने। छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर राष्ट्रीय मुख्यालय की ओर से सकारात्मक चर्चा हुई। ललित वाधवा ने छत्तीसगढ़ की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य शाखा को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय मुख्यालय की ओर से छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस की सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने इस सकारात्मक सहयोग को राज्य में रेड क्रॉस की सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। आने वाले समय में आवश्यकतानुसार विस्तृत परियोजना प्रस्ताव एवं तकनीकी विवरण राष्ट्रीय मुख्यालय को उपलब्ध कराए जाएंगे। राष्ट्रीय मुख्यालय के सहयोग से राज्य में रक्तदान एवं रक्त सहायता, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा राहत तथा जरूरतमंद एवं वंचित समुदायों के लिए मानवीय सहायता को नई गति मिलने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस पहल का उद्देश्य केवल संसाधनों का विस्तार करना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस की सेवा व्यवस्था को अधिक मजबूत, सुलभ और जन-केंद्रित बनाना है, ताकि जरूरत के समय आम नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अध्यक्ष के विशेष कर्तव्य अधिकारी अशोक झुनझुनवाला, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की सचिव डॉ. रूपल पुरोहित तथा चेयरमैन के निजी सचिव युगल किशोर सिन्हा भी उपस्थित रहे। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने राष्ट्रीय मुख्यालय के सकारात्मक मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए यह प्रतिबद्धता दोहराई कि सेवा, संवेदना और मानवता के अपने मूल उद्देश्य के साथ रेड क्रॉस की पहुंच छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
Next Story