छत्तीसगढ़

रायपुर में पॉलिथिन रूपी रावण का हुआ दहन

Nil dhankar
2 Oct 2025 12:22 PM IST
रायपुर में पॉलिथिन रूपी रावण का हुआ दहन
x

रायपुर। ग्रीन आर्मी द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता की दिशा में लगातार छठे वर्ष “पॉलिथिन रूपी रावण दहन” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आज प्रातः 8:30 बजे ब्राह्मण पारा, रायपुर से प्रारंभ हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत माँ दुर्गा की आरती एवं पूजन से हुई। तत्पश्चात ब्राह्मण पारा चौक से निकली भव्य जनजागरण रैली सत्ती बाजार, फव्वारा चौक, बजरंग मंदिर होते हुए कंकाली मंदिर पहुँची। कंकाली माता मंदिर दर्शन के पश्चात कंकाली माता शस्त्रागार (जो वर्ष में केवल दशहरा के अवसर पर खुलता है) में शस्त्र पूजन किया गया। तत्पश्चात रैली आज़ाद चौक पहुँची।

रैली मार्ग पर लगाये गए आकर्षक बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स ने जनता का ध्यान खींचा। रैली के दौरान लोगों ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश साझा किया। नारे “पॉलीथिन जहर है, गौ माता पर कहर है” और “प्रकृति के दुश्मन तीन – पाउच, पन्नी, पॉलीथिन” पूरे मार्ग में गूंजते रहे और लोगों का ध्यान आकर्षण का केंद्र बने। आज़ाद चौक में पॉलिथिन रूपी रावण दहन का आयोजन हुआ, जो पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बन गया। इस अवसर पर ग्रीन आर्मी के पदाधिकारी, सदस्य, पर्यावरण प्रेमी तथा दिशा कॉलेज रामनगर, कोटा के विद्यार्थी शामिल हुए। लगभग 100 लोग इस अभियान का हिस्सा बने और उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। ग्रीन आर्मी के सदस्य वर्षभर पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। संस्था विगत 8 वर्षों से लगातार समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और पर्यावरण बचाने की दिशा में काम कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष श्री अमिताभ दुबे ने कहा –

“पॉलिथिन हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसके उपयोग से मिट्टी, जल और हवा प्रदूषित हो रही हैं, और कैंसर, चर्म रोग और कई अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। हमें इसे तुरंत बंद करके स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना होगा।”

रायपुर जिला अध्यक्ष श्री गुरदीप टुटेजा ने कहा –

“हमें पॉलिथिन के कारण होने वाले स्वास्थ्य और पर्यावरणीय खतरे को समझते हुए तुरंत कपड़े और कागज के थैले अपनाने चाहिए। यह हमारे और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने का जरुरी कदम है।”

कार्यक्रम का समापन जलपान एवं दशहरा मिलन के साथ हुआ।

आज के कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं पर्यावरण प्रेमियों का मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने आभार व्यक्त किया।

Next Story
null