छत्तीसगढ़

भारी बारिश के बीच पीजी कालेज मैदान में रावण दहन

Shantanu Roy
2 Oct 2025 10:17 PM IST
भारी बारिश के बीच पीजी कालेज मैदान में रावण दहन
x
छग
Surguja. सरगुजा। विजयादशमी के पावन अवसर पर सरगुजा में आयोजित दशहरा महोत्सव इस बार झमाझम बारिश के चलते प्रभावित हुआ। पीजी कालेज मैदान में रावण दहन के दौरान अचानक हुई बारिश ने आयोजकों और दर्शकों दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी। बारिश के कारण अफरा-तफरी मच गई और अतिथियों का भाषण भी नहीं हो पाया। दर्शक दीर्घा में खड़े लोग बारिश से बचने के लिए कुर्सियां सिर पर उठाकर खड़े रहे।

इस अवसर पर राम मंदिर से राम-जानकी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। शोभायात्रा पीजी कालेज मैदान तक पहुंची, जहां दशहरा महोत्सव के तहत आयोजित मानस गायन प्रतियोगिता और शैला नृत्य प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य समारोह में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधायक और नागरिक सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी, महापौर मंजूषा भगत सहित भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी मंचासीन रहे।

पुरस्कार वितरण के बाद मंत्री और अतिथियों का भाषण होना था, लेकिन बारिश के कारण कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। बारिश के बीच ही आतिशबाजी शुरू कराई गई, लेकिन तेज बारिश के कारण इसका प्रभाव कम रहा। भीड़ में उपस्थित लोगों ने बारिश से बचने के लिए जल्दी-जल्दी मैदान छोड़ना शुरू कर दिया। इसी बीच आनन-फानन में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। सबसे पहले कुंभकरण का पुतला जलाया गया, इसके बाद मशक्कत के बाद रावण का पुतला और अंत में मेघनाद का पुतला जलाया गया। रावण दहन कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए। भीड़ के पीजी कालेज मैदान से छंटने में करीब एक घंटे से अधिक समय लगा।

विजयादशमी के अवसर पर हिंदू युवा मंच द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। कलाकेंद्र मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा, देवीगंज रोड होते हुए महामाया मंदिर तक पहुंची, जहां गंगा आरती का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत झांकियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि हिंदू युवा मंच ने इस शोभायात्रा की तैयारी कई दिनों से की थी। कार्यक्रम में शामिल झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों को उत्साह और उमंग से भर दिया। बच्चों और युवाओं ने भी झांकियों और नृत्य में भाग लिया, जिससे महोत्सव की भव्यता और रंगारंग माहौल देखने को मिला।
Next Story