छत्तीसगढ़

रेंजर ने हिरणी की अंतिम संस्कार में बरती लापरवाही, नोटिस जारी

Nil dhankar
5 Aug 2025 4:29 PM IST
रेंजर ने हिरणी की अंतिम संस्कार में बरती लापरवाही, नोटिस जारी
x
छग

बिलासपुर। बेलगहना खोंगसरा इलाके में हिरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और वन विभाग द्वारा तय मानकों के विरुद्ध किए गए दाह संस्कार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में रेंजर देव सिंह मरावी सहित दो वनरक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीओ (वन) ने तीनों अधिकारियों को 5 दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है।

26 जुलाई की सुबह ग्रामीणों को जंगल में एक हिरण का शव संदिग्ध हालत में मिला। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने न तो शव का पोस्टमार्टम किया, न ही किसी प्रकार की जांच। इसके बजाय पेट्रोल छिड़ककर शव जलाने की तैयारी कर ली गई। जब ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई, तो शव को वापस वन विभाग के कार्यालय लाया गया। अगले दिन यानी 27 जुलाई को रेंजर मरावी की उपस्थिति में वन कार्यालय परिसर में खुले में हिरण का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में पेट्रोल डालकर शव को जला दिया गया।

वन विभाग के नियमों के मुताबिक, किसी भी वन्यजीव की मौत की स्थिति में शव का वैज्ञानिक ढंग से पोस्टमार्टम किया जाना चाहिए और अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी व चूना उपयोग कर शव को गड्ढे में दफनाया जाना चाहिए। लेकिन इस मामले में न तो प्राथमिक जांच की गई, न ही शिकार की आशंका को लेकर कोई एफआईआर या रिपोर्ट दर्ज की गई। अब एसडीओ ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की शुरुआत कर दी है और तीनों अधिकारियों से लिखित जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं होने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Next Story
null