छत्तीसगढ़
ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंचा 'राजू' हाथी, ग्रामीणों में कौतूहल
Shantanu Roy
29 Nov 2026 7:14 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में एक दंतैल नर हाथी के प्रवेश करने से ग्रामीणों के बीच कौतूहल का माहौल है। राजू नाम से पुकारे जा रहे इस हाथी को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट रहे हैं। ग्रामीण उसे केला सहित अन्य खाद्य सामग्री भी खिला रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में हाथी के पालतू होने और उसके महावत के ओडिशा की जेल में बंद होने की बात सामने आई थी। हालांकि, ओडिशा वन विभाग के अधिकारियों ने इस जानकारी को नकारते हुए हाथी के जंगली होने की बात कही है। ऐसे में छत्तीसगढ़ वन विभाग उसकी वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुट गया है।
रायगढ़ जिले में पहले से ही हाथियों की बढ़ती संख्या और उनके उत्पात के कारण वन विभाग के सामने कई चुनौतियां हैं। ऐसे में पड़ोसी राज्य ओडिशा से एक और हाथी के छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करने के बाद विभाग की चिंता बढ़ गई है। हाथी के व्यवहार और उसकी वास्तविक स्थिति को समझने के लिए वन विभाग ने ओडिशा के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर जानकारी मांगी है। बताया जा रहा है कि हाथी काफी उम्रदराज है और लंबे समय से अकेले घूम रहा है। ग्रामीणों के बीच उसके पालतू होने की चर्चा है। यही वजह है कि लोग बिना किसी विशेष डर के उसके आसपास पहुंच रहे हैं और उसे खाद्य सामग्री खिला रहे हैं। हालांकि, हाथी के पालतू होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उसके नजदीक जाना ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
इस संबंध में एसडीओ फॉरेस्ट आशुतोष मांडवा ने बताया कि शनिवार शाम वन विभाग को जानकारी मिली थी कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमा पर एक दंतैल नर हाथी घूम रहा है। इसके बाद पता चला कि हाथी ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में दाखिल हो चुका है। मामले की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया। एसडीओ के मुताबिक, ओडिशा के अधिकारियों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी में हाथी के काफी उम्रदराज होने और लंबे समय से अकेले विचरण करने की बात सामने आई है। शुरुआत में जानकारी मिली थी कि यह एक पालतू हाथी है और उसका महावत जेल में बंद है, जिसके चलते वह अकेला भटक रहा है। लेकिन ओडिशा के वन अधिकारियों ने इस जानकारी से इनकार करते हुए उसे जंगली हाथी बताया है।
आशुतोष मांडवा ने कहा कि हाथी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के बाद उसकी निगरानी और ट्रैकिंग की पद्धति निर्धारित की जाएगी। यदि हाथी पालतू है तो उसके व्यवहार के अनुरूप निगरानी की व्यवस्था होगी, जबकि जंगली हाथी होने की स्थिति में अलग तरीके से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। फिलहाल विभाग संबंधित जानकारियां जुटाने में लगा हुआ है। रायगढ़ जिले में हाथियों की मौजूदगी पहले से ही मानव-हाथी संघर्ष की दृष्टि से चुनौती बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही के कारण फसलों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। ऐसे में ओडिशा से पहुंचे इस हाथी की गतिविधियों पर नजर रखना भी महत्वपूर्ण हो गया है। वन्यजीवों के व्यवहार का सटीक अनुमान लगाना आसान नहीं होता। शांत दिखाई देने वाला हाथी भी भीड़, शोर अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण आक्रामक हो सकता है। इसलिए ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और उसे घेरने या भोजन खिलाने से बचना चाहिए। फिलहाल राजू नाम से चर्चित इस हाथी के पालतू या जंगली होने को लेकर संशय बरकरार है। दोनों राज्यों के वन विभागों के बीच जानकारी के आदान-प्रदान के बाद ही उसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ वन विभाग आगे की निगरानी व्यवस्था तय करेगा।
Next Story





