रायपुर का सबसे बड़ा ड्रग तस्कर चंदन सोनकर गिरफ़्तार, मामूली प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज

राजधानी में ड्रग्स का अवैध कारोबार लगातार फैलता जा रहा है। फिलहाल तीन बड़े गैंग — AK गैंग, बनिया गैंग और SR गैंग — सक्रिय रूप से ड्रग्स सप्लाई कर रहे हैं। इन गैंग्स ने अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को जोड़कर एक मजबूत सप्लाई चेन तैयार की है। सूत्रों के अनुसार, ग्राहक की डिमांड मिलने पर ड्रग्स की डिलीवरी तय समय और स्थान पर पहुंचाई जाती है। इसके लिए गैंग के सदस्य बाइक, कार और यहां तक कि पैदल भी डिलीवरी करते हैं। गैंग अपने सदस्यों को बाकायदा ट्रेनिंग देते हैं कि पुलिस की निगरानी से कैसे बचना है, मोबाइल और सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल कैसे करना है और पकड़े जाने की स्थिति में क्या कहना है। रायपुर के राजेन्द्र नगर, समता कॉलोनी, शिवनगर, भाठागांव, डीडी नगर, नेहरू नगर, कालीबाड़ी, देवेंद्र नगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों में यह कारोबार तेजी से पनप रहा है। इन इलाकों में नशे का जाल खासकर कॉलेज और बेरोजगार युवाओं के बीच फैल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अवैध व्यापार की जानकारी पुलिस को है, लेकिन अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी इन गैंग्स से सांठगांठ कर मामलों को दबा देते हैं, जिससे इनकी गतिविधियां बेखौफ जारी हैं। शहर में नशे की बढ़ती समस्या समाज के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। जानकारों का मानना है कि अगर जल्द ही इन गैंग्स पर नकेल नहीं कसी गई, तो आने वाले समय में युवाओं में नशे की लत और अपराध दर दोनों तेजी से बढ़ सकते हैं।





