छत्तीसगढ़

रायपुर में महिला ने युवक से ठगी की, साइबर सेल ने जांच शुरू की

Nilmani Pal
28 May 2026 2:48 PM IST
रायपुर में महिला ने युवक से ठगी की, साइबर सेल ने जांच शुरू की
x

रायपुर। शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर युवक से ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने टेलीग्राम चैनल के जरिए संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा रिटर्न का लालच दिया और धीरे-धीरे युवक से रकम निवेश करवा ली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का नाम पुलिस द्वारा गिरधन लाल ओगरे बताया जा रहा है।

पीड़ित गिरधन लाल ओगरे ने बताया कि वह काम की तलाश में था। इसी दौरान उसकी पहचान एक टेलीग्राम चैनल के जरिए हुई, जहां शेयर ट्रेडिंग और निवेश से कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का दावा किया जा रहा था। चैनल में जुड़ने के बाद एक महिला ने उससे संपर्क किया और खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताया। आरोप है कि महिला ने पहले छोटे निवेश पर अच्छा मुनाफा दिखाकर युवक का भरोसा जीता। इसके बाद उसे लगातार बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया गया। आरोपी महिला ने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए और दावा किया कि शेयर ट्रेडिंग के जरिए जल्द ही मोटा रिटर्न मिलेगा।

कुछ समय बाद जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की, तो आरोपी टालमटोल करने लगी। बाद में महिला और उससे जुड़े लोगों ने संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी महिला और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल भी मामले की पड़ताल कर रही है।


Next Story