
रायपुर। राजधानी के गोंदवारा स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में इलाजरत 31 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान धरसीवां निवासी प्रदीप गिरी गोस्वामी के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों की सूचना पर खमतराई पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।खमतराई पुलिस के मुताबिक, प्रदीप गिरी लंबे समय से शराब की लत से परेशान था। परिजनों ने नशा छुड़ाने के उद्देश्य से उसे 21 जून को गोंदवारा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था।
शुक्रवार की रात एक बजे उसकी तबियत बिगड़ी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) भेज दिया।
मृतक के पिता का आरोप है कि प्रदीप के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मौत संदिग्ध प्रतीत होती है। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी की लापरवाही या मारपीट सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।





