छत्तीसगढ़
रायपुर पुलिस का निश्चय अभियान: 106 आरोपी गिरफ्तार, अफीम-गांजा-शराब समेत हथियार जब्त
Shantanu Roy
19 Sept 2025 10:23 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर जिले में पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘‘निश्चय अभियान’’ चलाया। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर क्षेत्र श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में शुक्रवार तड़के सुबह 4 बजे से जिले के विभिन्न हिस्सों में पुलिस की 25 से अधिक टीमों ने एक साथ दबिश दी। इस दौरान नशे के कारोबारियों, अवैध शराब विक्रेताओं, फरार वारंटियों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 106 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
30 से अधिक जगहों पर एक साथ दबिश
‘‘निश्चय अभियान’’ की खासियत यह रही कि पुलिस की 25 से ज्यादा टीमें एक साथ रायपुर जिले के 30 से अधिक स्थानों पर उतरीं। अभियान सुबह करीब 4 बजे शुरू हुआ और कई घंटों तक चला। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध क्षेत्रों, ठिकानों और गली-मोहल्लों में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा।
नशे के कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई
अभियान का सबसे बड़ा फोकस नशे का अवैध कारोबार रहा। पुलिस ने 14 आरोपियों/अपचारियों को गिरफ्तार किया, जो अफीम और गांजा की बिक्री कर रहे थे। इनके कब्जे से लगभग 600 ग्राम अफीम और 24.070 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। नशीले पदार्थों की इतनी बड़ी मात्रा की जब्ती पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
अवैध शराब विक्रेताओं पर शिकंजा
पुलिस ने अवैध शराब बेचने वालों को भी नहीं बख्शा। अभियान के दौरान 22 आरोपियों को अवैध शराब बेचते पकड़ा गया। इनके कब्जे से 614 पौवा देशी शराब और 1750 रुपये नकदी जब्त की गई। अधिकारियों का कहना है कि यह शराब चोरी-छिपे अलग-अलग क्षेत्रों में बेची जा रही थी।
धारदार हथियार रखने वालों पर भी कार्यवाही
अवैध रूप से हथियार रखने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। ‘‘निश्चय अभियान’’ के तहत 08 आरोपियों को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस अभियान के दौरान फरार वारंटियों के ठिकानों पर दबिश दी। इसमें 12 स्थाई और गिरफ्तारी वारंटियों को तामिल किया गया। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे इन आरोपियों को अचानक दबिश के कारण पकड़ा जा सका।
शांति भंग करने वालों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर पुलिस ने इस विशेष अभियान के तहत 50 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की। ये आरोपी सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने में शामिल पाए गए थे। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
कुल 106 आरोपी पहुंचे जेल
अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस ने ‘‘निश्चय अभियान’’ में कुल 106 आरोपियों को जेल भेजा। इनमें नशे का सामान बेचने वाले, अवैध शराब विक्रेता, हथियारबाज, फरार वारंटी और शांति भंग करने वाले आरोपी शामिल हैं।
आईजी और एसएसपी के नेतृत्व में चल रहा अभियान
‘‘निश्चय अभियान’’ को रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। इसमें राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की टीमें बनाई गईं और हर टीम को अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देने भेजा गया। रायपुर पुलिस ने साफ किया है कि यह ‘‘निश्चय अभियान’’ एक दिन का नहीं है, बल्कि लगातार चलेगा। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान का मकसद असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना और आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना है।
Tagsरायपुर पुलिसनिश्चय अभियानअमरेश मिश्रालाल उमेद सिंहअफीम जब्तीगांजाअवैध शराबआर्म्स एक्टवारंट तामिलप्रतिबंधात्मक कार्यवाहीछत्तीसगढ़ पुलिस अभियानRaipur PoliceNischay AbhiyanAmresh MishraLal Umed Singhseizure of opiumganjaillegal liquorArms Actwarrant executionrestrictive actionChhattisgarh Police campaign
Next Story





