छत्तीसगढ़

रायपुर : डेढ़ लाख की ठगी, शातिरों ने बिजली मीटर लगाने का दिया झांसा

Nil dhankar
23 Feb 2026 1:20 PM IST
रायपुर : डेढ़ लाख की ठगी, शातिरों ने बिजली मीटर लगाने का दिया झांसा
x

रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र में बिजली मीटर लगाने के प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर ठगी की गई। आरोपियों ने आवेदनकर्ता से 1,56,200 रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद फोन बंद कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित का नाम रोशन देवरात्रे है। शिकायतकर्ता रोशन देवरात्रे ने पुलिस को बताया कि उसने बिजली मीटर लगवाने के लिए विद्युत कार्यालय में आवेदन किया था। कुछ दिनों बाद उसके मोबाइल नंबर पर 7643020953 से कॉल आया।

कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि रोशन के नाम से मीटर लगाने का आवेदन मिला है। इसके बाद आरोपी ने प्रोसेसिंग शुल्क जमा करने के लिए एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा।

आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने ऐप डाउनलोड किया और बताए गए तरीके से 1,56,200 रुपए ट्रांसफर कर दिए। मीटर लगाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेने के लिए जब पीड़ित ने आरोपी के नंबर पर दोबारा संपर्क किया, तो फोन बंद मिला। इसके बाद रोशन देवरात्रे ने बिजली कार्यालय पहुंचकर जानकारी ली, जहां पता चला कि उसके नाम से कोई राशि जमा नहीं हुई है। ठगी का एहसास होने पर उसने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

Next Story
null