छत्तीसगढ़

रक्षाबंधन के पर्व पर रायगढ़ पुलिस ने मनाया साइबर सुरक्षा बंधन

Shantanu Roy
28 Aug 2026 6:08 PM IST
रक्षाबंधन के पर्व पर रायगढ़ पुलिस ने मनाया साइबर सुरक्षा बंधन
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत साइबर अपराधों से बचाव एवं जागरूकता को लेकर लगातार विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज रक्षाबंधन के पर्व पर रायगढ़ पुलिस द्वारा “साइबर सुरक्षा बंधन” मनाकर आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। रक्षाबंधन के अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा लोगों से “जागरूकता की राखी” संग सेल्फी लेकर अपने परिवार एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षित बनाने की अपील की गई। आमजन को छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ से जुड़ने के लिए cgpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com लिंक अथवा सेल्फी फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर ‘सेल्फी लें’ और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करने के लिए प्रेरित किया गया।
शारदा एनर्जी प्लांट में कर्मचारियों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक द्वारा ग्राम बिंजकोट स्थित शारडा एनर्जी प्लांट पहुंचकर अधिकारी एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। इस दौरान वर्तमान समय में सामने आ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, उनके तरीके तथा उनसे बचाव के उपायों के संबंध में विस्तार से समझाया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कौशिक ने बताया कि साइबर ठग बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रिश्तेदार, बिजली विभाग, कूरियर कंपनी अथवा अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं का अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते हैं और डराकर या लालच देकर बैंकिंग एवं निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। इसके अलावा फर्जी KYC अपडेट, फर्जी इनाम/लॉटरी, नौकरी एवं निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, QR कोड के माध्यम से ठगी तथा सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों से भी सावधान रहने की समझाइश दी गई। थाना प्रभारी ने प्लांटकर्मियों से कहा कि OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड में यात्रियों को किया गया जागरूक
इसी क्रम में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम द्वारा रायगढ़ रेलवे स्टेशन एवं केवडाबाडी बस स्टैंड में यात्रियों और आम नागरिकों को एकत्रित कर छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए विशेष रूप से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP किसी को नहीं बताने, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा अनजान व्यक्तियों से सोशल मीडिया पर दोस्ती नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही सोशल मीडिया पर अनजान लोगों द्वारा भेजे गए वीडियो कॉल को रिसीव करने से बचने, संदिग्ध वीडियो कॉल या चैट के माध्यम से ब्लैकमेलिंग के प्रयासों से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने की जानकारी दी गई।
रक्षाबंधन पर लिया साइबर सुरक्षा का संकल्प
रक्षाबंधन के उत्साह के बीच पुलिसकर्मियों ने ‘जागरूकता की राखी’ संग सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और आमजन को संदेश दिया कि जिस तरह राखी भाई-बहन के रिश्ते की सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, उसी तरह साइबर सुरक्षा की जागरूकता भी स्वयं और अपने परिवार को साइबर ठगी से बचाने का मजबूत माध्यम है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
“आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता है। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतें। अपने साथ-साथ परिवार और परिचितों को भी साइबर सुरक्षित बनाएं। रायगढ़ पुलिस साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
Next Story