
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन आघात' के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन ग्राम गेजामुड़ा में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 12.250 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 हजार 850 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन आघात के तहत लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 और 19 नवंबर 2026 को ग्राम गेजामुड़ा में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई 18 नवंबर को की गई। थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गेजामुड़ा निवासी रामनिवास खड़िया अपने मकान के पास स्थित कोलाबाड़ी में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब छिपाकर रखा है और उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदेही रामनिवास खड़िया को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध शराब की बिक्री करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने तलाशी लेकर आरोपी के कब्जे से 250 मिलीलीटर क्षमता वाले 25 प्लास्टिक पाउच बरामद किए। इन पाउच में कुल 6.250 लीटर महुआ शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 हजार 250 रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी रामनिवास खड़िया, पिता अगनुराम खड़िया, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम गेजामुड़ा के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इसके अगले दिन यानी 19 नवंबर 2026 को कोतरारोड़ पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान एक और सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि ग्राम गेजामुड़ा चौक के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देश पर पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने संबंधित स्थान की घेराबंदी कर संदेही व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम हरिहर खड़िया, पिता गिरवारी खड़िया, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम सोयामुड़ा, छोटी कंपनी डिपो, थाना कोतरारोड़ बताया। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से जरकिन और पानी की बोतलों में रखी कुल 6 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी हरिहर खड़िया के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की है। इस तरह लगातार दो दिनों तक हुई कार्रवाई में पुलिस ने दो अवैध शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
कोतरारोड़ पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 12.250 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है। इसमें पहले आरोपी से 6.250 लीटर और दूसरे आरोपी से 6 लीटर शराब बरामद हुई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन आघात के तहत जिले में अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, वीरेंद्र भगत, आरक्षक राजेश खांडे, चूड़ामणि गुप्ता, बंशीलाल रात्रे, मनोज कुमार यादव, महिला आरक्षक दोरोथिया किंडो और कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story





