राहुल गांधी के अशोभनीय बोल उनकी हताशा हैं : CM विष्णुदेव साय

रायपुर। पीएम मोदी और शाह को गद्दार कहने वाले राहुल गांधी के बयान पर सीएम साय ने पलटवार करते कहा, राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के विरुद्ध ‘गद्दार’ जैसे अशोभनीय शब्द का प्रयोग उनकी हताशा, राजनीतिक दिवालियापन और संकुचित मानसिकता को स्पष्ट रूप से उजागर करता है।
लंबे समय से सत्ता से दूर रहने की निराशा ने कांग्रेस पार्टी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सीमाएं लांघने पर विवश कर दिया है। जिस कुशल एवं दृढ़ नेतृत्व ने आतंकवाद व नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करते हुए देश की सुरक्षा को अभूतपूर्व मजबूती प्रदान की और भारत को विश्व मंच पर एक सम्मानित, सशक्त एवं निर्णायक शक्ति के रूप में स्थापित किया, उसी लोकतांत्रिक रूप से चुने गए शीर्ष नेतृत्व के विरुद्ध ऐसी घृणित टिप्पणी न केवल अत्यंत निंदनीय है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का सीधा अपमान भी है।
प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा राष्ट्र की गरिमा से जुड़ी होती है। राजनीतिक विरोध की आड़ में अशिष्ट, अपमानजनक और अतिवादी भाषा का प्रयोग न केवल हमारे गौरवशाली लोकतंत्र की परंपरा के विरुद्ध है, बल्कि बोलने वाले की राजनीतिक परिपक्वता पर गंभीर प्रश्नचिह्न भी लगाता है।
कांग्रेस का यह गैर-जिम्मेदाराना, दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र-विरोधी आचरण देश की जागरूक जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।





