छत्तीसगढ़

PWD के सब इंजीनियर ने हत्या की धमकी दी, जल्द होगी गिरफ्तारी

Nilmani Pal
26 May 2025 12:28 PM IST
PWD के सब इंजीनियर ने हत्या की धमकी दी, जल्द होगी गिरफ्तारी
x
छग

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के मरहीकापा गांव में सड़क निर्माण के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के ठेकेदार के ट्रक ने चार बिजली खंभों और केबल को नुकसान पहुंचा दिया। इसकी जानकारी बिजली विभाग को गांव की सरपंच के पति ने दी। इसके बाद 24 मई को सीएसपीडीसीएल कोटा के सब इंजीनियर बीरेंद्र पाल यादव मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त खंभों और केबल का निरीक्षण किया।

बीरेंद्र यादव ने पीडब्ल्यूडी के एसडीओ को फोन कर घटना की जानकारी दी और नुकसान की भरपाई की मांग की। इस पर एसडीओ ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और ठेकेदार बाहर है, जिससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही जानकारी मिलेगी, वह सूचित करेंगे।

लेकिन 24 मई की रात करीब 11 बजे, सीएसपीडीसीएल के सब इंजीनियर के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पीडब्ल्यूडी का सब इंजीनियर एमके साहू बताया और गुस्से में बोलते हुए कहा – तुम एसडीओ के खिलाफ एफआईआर की धमकी दे रहे हो? पता नहीं मैं गनियारी का रहने वाला हूं। तुम्हारा हाथ, गला ठीक कर दूंगा। घर में घुसकर मार डालूंगा। अपने परिवार को संभाल कर रखना।

यह पूरी बातचीत सीएसपीडीसीएल के सब इंजीनियर के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने कोटा थाने में पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर एमके साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Next Story
null