छत्तीसगढ़
पुसौर पुलिस ने 24 घंटे में बरामद किया गुमशुदा नाबालिग, आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
29 Aug 2025 8:25 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। पुसौर पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर उसे बरामद कर लिया है। इस मामले में एक युवक को नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है। दरअसल, 26 अगस्त को पुसौर पुलिस थाने में नाबालिग के परिजनों ने उसके गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया था कि 25 अगस्त को वह बिना किसी को बताए घर से चली गई। इस रिपोर्ट के आधार पर, पुसौर थाने में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को समझते हुए, थाना प्रभारी निरीक्षक राम किंकर यादव ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त को नाबालिग को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
एक महिला पुलिस अधिकारी के सामने दिए गए बयान में नाबालिग ने बताया कि उसकी पहचान गेरवानी प्लांट में काम करने वाले विनय चौहान उर्फ बुधनाथ (उम्र 24) से मार्च में हुई थी। जब वह अपने परिवार के साथ गेरवानी गई थी, तब से दोनों के बीच फोन पर बात और चैट होती थी। 25 अगस्त को विनय ने उसे गेरवानी बुलाया। जब वह घर से दुकान जाने का बहाना बनाकर निकली, तो युवक उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गया, जहां उसने नाबालिग के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने नाबालिग के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बुधनाथ उर्फ विनय चौहान, पुत्र ललितराम चौहान, उम्र 24 वर्ष, निवासी कोकियाखार, थाना बागबहार, जिला जशपुरनगर (वर्तमान में गेरवानी, थाना पूंजीपथरा में रह रहा है) के खिलाफ धारा 64(2) (एम), 87 बीएनएस और 4, 6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं विस्तारित की हैं। आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक कुंदनलाल गौर, संध्या रानी कोका, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, आरक्षक दिनेश गोंड, डेहरू उरांव, और तारिक अनवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tagsरायगढ़ पुलिसपुसौर पुलिसगुमशुदा बालिकापॉक्सो एक्टविनय चौहानबुधनाथगेरवानीनाबालिगअपहरणशारीरिक संबंधन्यायिक रिमांडछत्तीसगढ़राम किंकर यादव24 घंटे में बरामदआपराधिक मामलाRaigarh PolicePusaur Policemissing girlPOCSO ActVinay ChauhanBudhnathGerwaniminorkidnappingphysical relationshipjudicial remandChhattisgarhRam Kinkar Yadavrecovered in 24 hourscriminal case
Next Story





