छत्तीसगढ़

दफन शव का विरोध, तीन गांवों के बीच सीमा विवाद

Nil dhankar
19 July 2026 3:06 PM IST
दफन शव का विरोध, तीन गांवों के बीच सीमा विवाद
x
छग

कांकेर। जिले में धर्मांतरित व्यक्तियों के शव दफन को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. हाटकोंगेरा गांव के बाद अब ढेकुना गांव के ग्रामीणों ने धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफनाए जाने का विरोध शुरू कर दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि शव को वापस निकालकर गांव से बाहर ईसाई धर्म के कब्रिस्तान में दफन किया जाए. मामले में कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन भी सौंपा गया है.

जानकारी के अनुसार, हाटकोंगेरा, ढेकुना और नारा गांव की सीमाएं आपस में जुड़ी हुई हैं. हाल ही में हाटकोंगेरा के धर्मांतरित व्यक्ति की मृत्यु के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार गांवों की साझा सरहद पर दफनाकर किया था. इसके बाद से तीनों गांवों में इस मुद्दे को लेकर लगातार विरोध और बैठकों का दौर जारी है.

इससे पहले हाटकोंगेरा में भी शव दफन को लेकर दो दिनों तक विवाद चला था. ग्रामीणों ने सरपंच पर दफन की अनुमति देने का आरोप लगाया था. मामला इतना बढ़ा कि सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए आवेदन भी दिया गया, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई. लेकिन अब पड़ोसी गांव ढेकुना के ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कांकेर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है. ग्रामीणों की मांग है कि दफन किए गए शव को गांव की सीमा से हटाकर उस स्थान पर दफनाया जाए, जहां ईसाई समुदाय का कब्रिस्तान है.

Next Story