छत्तीसगढ़

इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर का अपहरण, एक आरोपी हिरासत में

Shantanu Roy
7 Oct 2026 7:31 PM IST
इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर का अपहरण, एक आरोपी हिरासत में
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में इवनिंग वॉक पर निकले एक कॉलेज प्रोफेसर का अपहरण कर करीब एक लाख रुपये UPI के जरिए ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू की नोक पर बंधक बनाया और मोबाइल फोन, पासवर्ड तथा Google Pay और BHIM App से जुड़ी जानकारी हासिल कर रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस ने प्रोफेसर को भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी से सकुशल रेस्क्यू कर लिया है। घटना के 24 घंटे के भीतर एक आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जकेला निवासी कपुरचंद गुप्ता डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान होने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास स्थित माइलस्टोन पत्थर पर बैठ गए। इसी दौरान दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आरोप है कि दोनों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन तथा छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उन्हें मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले गए।
पुलिस के मुताबिक वहां आरोपियों ने प्रोफेसर के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद एक महिला से मोबाइल पर संपर्क कर उसका QR कोड मंगाया गया। आरोपियों ने प्रोफेसर के खाते से उस QR कोड के जरिए लगातार रकम ट्रांसफर कराई। पीड़ित के खाते की करीब एक लाख रुपये की दैनिक सीमा पूरी होने तक आरोपियों ने ट्रांजेक्शन किए। इस दौरान आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर भी फोन करवाया और परिजनों से यह कहलवाया कि वह सुरक्षित हैं, ताकि परिवार को अपहरण की जानकारी न हो सके।
रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने एक बार फिर प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांधी और पंडरीपानी के एक कमरे में उन्हें बंधक बनाकर रखा। दूसरी ओर परिजनों को प्रोफेसर की बातचीत और स्थिति पर संदेह हुआ। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर लोकेशन की जानकारी जुटाई और पंडरीपानी पहुंच गया। परिजनों के वहां पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने लाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। रातभर चली पतासाजी के बाद घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण और UPI से रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुसौर थाने में बीएनएस की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने उस महिला से भी संपर्क किया, जिसके खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी। पुलिस के अनुसार ट्रांसफर की गई पूरी राशि को सुरक्षित करा लिया गया है।
अन्य नामजद आरोपियों की पहचान कर ली गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पांडे, डोल नारायण साव, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, दिलीप सिदार, राहुल सिदार और अन्य स्टाफ की भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण जैसे मामलों में पुलिस की पहली प्राथमिकता पीड़ित की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story