छत्तीसगढ़

नक्सल समस्या उन्मूलन पर होगा प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का नागरिक अभिनंदन

Nil dhankar
15 Feb 2026 12:52 PM IST
नक्सल समस्या उन्मूलन पर होगा प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का नागरिक अभिनंदन
x

भिलाई। नक्सल समस्या के पूर्ण उन्मूलन पर छत्तीसगढ़ के समस्त कलाकार सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का दुनिया में सबसे बड़ा नागरिक अभिनंदन करेंगे। वहीं उन्हें क्रमश: "भारतोद्धारक:" और "भारतवीर:" की उपाधि से भी विभूषित करेंगे। अपने निवास में मिलने आए कलाकारों से सांसद ने कहा कि वे इस कार्यक्रम को सफल बनाने अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंकुश देवांगन, मशहूर चित्रकार रोहिणी पाटणकर एवं बी.एल. सोनी, रंगकर्मी विजय शर्मा, तरूण धोटे, प्रसिद्ध साहित्यकार मेनका वर्मा और खैरागढ़ से गुंजन शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि वे शीघ्र ही छत्तीसगढ़ के समस्त कलाकारों के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर इस योजना को अंतिम स्वरूप प्रदान करेंगे। उन्होंने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि नासूर बन चुकी नक्सली समस्या का हल होना विकसित भारत के लिए आवश्यक है। कश्मीर से धारा 370 हटने पर भी नागरिक अभिनंदन किया जाना था। खैर छत्तीसगढ़ में ऐसा अभिनंदन होगा कि पूरी दुनिया याद रखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में द्रुतगति से तरक्की करते हुए विश्व की तीसरी आर्थिक शक्ति बनने अग्रसर है। और ऐसे समय में उनका अभिनंदन प्रासंगिक है। इस आयोजन से निश्चित रूप से देश में अभूतपूर्व एकता का सूत्रपात होगा।

ज्ञात हो कि अंकुश देवांगन के सान्निध्य में अनेक कलाकार लगभग 35 वर्षों से बस्तर के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हिंसा छोड़ो कला से नाता जोड़ो जैसा आंदोलन चला रहे हैं। ताकि यहां के बच्चे नक्सली ना बनें। इस आंदोलन से लाखों बच्चों को फायदा हुआ है और वे माओवादी बनने से बचे हैं। उन सबको इंतजार था कि यह समस्या खत्म हो। कलाकारों ने नागरिक अभिनंदन के लिए बाकायदा एक विस्तृत योजना भी बना ली है। वे न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि भारत के समस्त 36 राज्यों के कलाकारों, समाजसेवियों, नागरिकों, उद्योगपतियों और राजनेताओं को आमंत्रित करना चाहते हैं। वहीं आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए विश्व के बड़े-बड़े कलाकारों का स्टेज शो भी करवाना चाहते हैं। प्रख्यात मॉडर्न आर्ट चित्रकार डी.एस. विद्यार्थी, राष्ट्रपति पुरस्कृत गुरुजी परसराम साहू, प्रसिद्ध समाजसेवी विमान भट्टाचार्य, कवि पी. वाल्सन, सुविख्यात मूर्तिकार मोहन बराल, ब्रजेश तिवारी, वीरेंद्र पटनायक, विक्रम अपना, यश दलवी, कांता दलवी तथा छत्तीसगढ़ी ललित कला अकादमी समूह से जुड़े समस्त कलाकारों ने एकमैव स्वर में कहा है कि यह आयोजन पूरे देश के लिए एक नजीर साबित होगी।

Next Story
null