छत्तीसगढ़

अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, तीन थानाक्षेत्रों से बड़ी मात्रा में जब्ती

Shantanu Roy
25 Aug 2025 12:05 AM IST
अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, तीन थानाक्षेत्रों से बड़ी मात्रा में जब्ती
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम के मार्गदर्शन में रविवार को तीन अलग-अलग थानाक्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई। कोतवाली, छाल और कोतरारोड़ थाना पुलिस ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की और आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।

कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला गिरफ्तार
थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में मधुबन टिकरापारा क्षेत्र में छापा मारा गया। यहां से आरोपिया फूलमति उरांव पति शकाल उरांव उम्र 40 वर्ष निवासी मधुबन पूछन टिकरापारा रायगढ़ के पास से 2 लीटर और 1 लीटर क्षमता की प्लास्टिक बोतलों व पन्नियों में भरी कुल 45.900 बल्क लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। इसकी कीमत करीब 14,000 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने 650 रुपये नगद भी बरामद किए। आरोपिया के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह जगत, महिला आरक्षक परसीना टोप्पो एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

छाल थाना क्षेत्र में अंग्रेजी शराब पकड़ी गई
इसी तरह थाना छाल प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान लूना वाहन क्रमांक सीजी 13 बीसी 4864 को रोका। जांच में वाहन से अवैध शराब पाई गई। आरोपी सेतराम साहू पिता स्व. विद्याधर साहू उम्र 42 वर्ष निवासी लात थाना छाल से कुल 12 नग 650 एमएल क्षमता वाली बडवाइजर अंग्रेजी शराब की बोतलें और 15 पाव गोल्डन गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 4,560 रुपये है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शंकर क्षत्रिय और आरक्षक भगवती प्रसाद लक्ष्मे ने अहम योगदान दिया।

कोतरारोड़ थाना पुलिस की घेराबंदी में शराब तस्कर दबोचा गया
वहीं थाना कोतरारोड़ पुलिस ने निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में मुखबिर सूचना पर जुनवानी मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ा गया। आरोपी ने अपना नाम मांघेराम बरेठ पिता स्व. बोधवा बरेठ उम्र 65 वर्ष निवासी नावापारा थाना कोतरारोड़ बताया। उसके कब्जे से दो जरीकेन में कुल 10 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 1,000 रुपये) और होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 एडब्ल्यू 3666 (कीमत करीब 20,000 रुपये) बरामद की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सूर्यवंशी, आरक्षक चंद्रेश पाण्डेय, आरक्षक चुडामणी गुप्ता और राजेश खांडे शामिल थे।

अभियान लगातार जारी रहेगा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने लगातार दबिश दी जा रही है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि नशे के कारोबार पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके। रायगढ़ पुलिस की इन कार्यवाहियों से एक बार फिर साफ हो गया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में खौफ है, वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
Next Story