छत्तीसगढ़

पुलिसकर्मी बना भू-माफिया, सरकारी जमीन पर किया कब्जा

Nilmani Pal
3 July 2026 10:35 AM IST
पुलिसकर्मी बना भू-माफिया, सरकारी जमीन पर किया कब्जा
x

धमधा। धमधा विकासखंड के ग्राम धरमपुरा में स्थित खसरा नंबर 466 एवं 467 की करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। राजस्व विभाग की जांच में वैशाली नगर भिलाई थाने में पदस्थ आरक्षक सुरेश यादव (पिता शत्रुघ्न यादव) द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर खेती किए जाने की पुष्टि होने का दावा किया गया है। जांच के बाद राजस्व विभाग ने अतिक्रमण का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव की मुख्य सड़क से लगी शासकीय भूमि पर लंबे समय से कब्जा किया गया है। आरोप है कि पुलिस विभाग में पदस्थ होने के कारण सुरेश यादव का प्रभाव दिखाकर विरोध करने वालों को डराया धमकाया जाता रहा। ग्रामीणों का कहना है कि इसी भय के कारण अधिकांश लोग खुलकर शिकायत करने से बचते रहे। सूत्रों के अनुसार मामले की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धमधा से की थी। इसके बाद पंचायत एवं पटवारी की संयुक्त जांच कराई गई।

जांच प्रतिवेदन में पंचायत द्वारा भूमि को शासकीय बताते हुए कब्जे की पुष्टि किए जाने की जानकारी सामने आई। तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण में ग्राम धरमपुरा की शासकीय भूमि पर कब्जा पाए जाने के बाद राजस्व विभाग ने अतिक्रमण की कार्रवाई शुरू कर दी। इधर, शिकायत के आधार पर उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस लाइन दुर्ग द्वारा विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है। शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया जा चुका है और मामले की विवेचना जारी है। राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद यह मामला पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बन गया है।

Next Story