छत्तीसगढ़

सुपेला में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, अहाता संचालक की गुंडागर्दी

Nilmani Pal
20 Dec 2025 10:41 AM IST
सुपेला में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, अहाता संचालक की गुंडागर्दी
x
छग

दुर्ग। जिले के थाना सुपेला अंतर्गत चौकी स्मृति नगर क्षेत्र में शराब अहाते के संचालक और उसके साथियों द्वारा ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षक से मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। यह घटना 15 दिसंबर की रात की है। प्रार्थी आरक्षक मोहम्मद कैफ (23 वर्ष), पिता नासीर खान, निवासी हरिनगर कातुल बोर्ड, दुर्ग ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि 15 दिसंबर 2025 की रात करीब 9:30 बजे वह हरिनगर स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान प्रथम बटालियन भिलाई गेट के सामने स्थित देशी-अंग्रेजी शराब भट्टी के पास उसे बाथरूम जाने के लिए रुकना पड़ा। उसी समय शराब भट्टी के अहाते का संचालक करण सिंह और उसके कुछ साथी वहां पहुंचे और मारपीट की।

प्रार्थी ने मामले में बताया कि अहाता संचालक करण सिंह और उसके साथियों ने वहां बाथरूम करने का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद करण सिंह ने अपने हाथ में रखे स्टील के पाइप से और उसके साथियों ने लकड़ी की बल्लियों से उन्हें मारा। मारपीट के दौरान आरक्षक कैफ की जेब में रखे 2500 रुपए भी आरोपियों ने जबरन निकाल लिए। पुलिस ने प्रार्थी आरक्षक की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

घटना में पुलिस आरक्षक मोहम्मद कैफ के सिर और बाएं कंधे में चोट आई है। अपने साथ हुए इस घटना की जानकारी उन्होंने अपने दोस्तों विनोद सिंह और शेख शुहेल को दी। दोनों दोस्त उसे लेकर चौकी स्मृति नगर पहुंचे, जहां उसने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में गंभीरता बरतते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Next Story
null