छत्तीसगढ़
पुलिस ने किया नशीली टैबलेट्स के अवैध कारोबार का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
10 Jan 2026 10:54 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पुलिस ने 9 जनवरी 2026 को नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में ट्रामाडोल युक्त प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की गई। यह कार्रवाई ग्राम सेलुद स्थित धान मंडी के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग की बाइक पर सवार कुछ युवक धान मंडी के पास नशीली टैबलेट बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में त्रिलोकी यादव (27), निवासी ग्राम सेलुद सतनामी पारा, थाना उतई, जिला दुर्ग; चेमन विश्वकर्मा (20) और हकीम खान (24), दोनों निवासी इंदिरा नगर, कुरूद, थाना कुरूद, जिला धमतरी शामिल हैं।
पूछताछ में त्रिलोकी यादव ने स्वीकार किया कि उसने ये टैबलेट हकीम खान से 500 रुपए में खरीदी थी। वहीं चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान ने खुलासा किया कि नशीली टैबलेट रायपुर के संजय नगर क्षेत्र में रहने वाले मोहम्मद कैश से मंगाई जाती थीं और इसे कुरूद लाकर सप्लाई किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों को सूचना देकर तलाशी की सहमति ली और विधिवत पंचनामा तैयार किया। तलाशी के दौरान त्रिलोकी यादव के पेंट की जेब से Proxiohm-Spas नामक नशीली टैबलेट के दो पत्ते बरामद हुए, जिनमें कुल 48 टैबलेट थीं। इसके अलावा, चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान के कब्जे से बाइक में रखी प्लास्टिक बोरी में 15 पत्ते और 4 खुली टैबलेट, कुल 364 नशीली टैबलेट बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, प्रत्येक टैबलेट का वजन लगभग 0.64 ग्राम था। इसी हिसाब से त्रिलोकी यादव से बरामद 48 टैबलेट का कुल वजन 30.72 ग्राम और अन्य दोनों आरोपियों से बरामद 364 टैबलेट का कुल वजन 232.96 ग्राम रहा। गवाहों के सामने टैबलेट की गिनती कर पंचनामा तैयार किया गया। आरोपियों से नशीली टैबलेट रखने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए।
लेकिन वे कोई प्रमाण नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने नशीली टैबलेट और आरोपियों के मोबाइल जब्त कर लिए। पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी सहायक औषधि नियंत्रक को दी, जिनके निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर ने जब्त की गई दवाओं का निरीक्षण किया। रिपोर्ट में बताया गया कि यह प्रतिबंधित नशीली दवा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नशे के इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, त्रिलोकी यादव के कब्जे से 48 टैबलेट, 200 रुपए नकद और रियल मी कंपनी का मोबाइल (कीमत 10,000 रुपए) बरामद हुआ। चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान के कब्जे से बाइक में रखी प्लास्टिक बोरी में 364 टैबलेट, 1,500 रुपए नकद, चेमन की बाइक (CG05AL4236, कीमत 1,00,000 रुपए) और दो मोबाइल जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 22(ख) 8C बीएनएसएस के तहत अपराध दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट है और भविष्य में ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
Next Story





