छत्तीसगढ़

ट्रेलर चालक से लूटपाट मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

Nil dhankar
22 March 2026 12:27 PM IST
ट्रेलर चालक से लूटपाट मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
x
CG NEWS

रायगढ़। ट्रेलर चालक से लूटपाट की गंभीर घटना में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश कर जेल भेज दिया है। घटना के संबंध में प्रार्थी मिथुन कुमार यादव (25 वर्ष) निवासी ग्राम काटेबंध, जिला गया (बिहार) जो ट्रेलर वाहन चालक है ने 21 मार्च को थाना खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 27 फरवरी 2026 को वह अपने ट्रेलर वाहन से अडानी माइंस तमनार से रॉबर्टसन की ओर कोयला लेकर जा रहा था।

रात्रि करीब 02:30 बजे रॉबर्टसन से लगभग 2 किमी पहले एक व्यक्ति ने मोटरसाइकिल से उसका रास्ता रोककर उसे ट्रेलर से नीचे खींच लिया और डरा-धमकाकर उसके पास रखे ₹10,000 लूट लिए। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ ले जाकर रोड किनारे बाड़ी में रातभर बंधक बनाकर रखा।

सुबह आरोपी उसे ग्राम चपले ले गया और एक कियोस्क शाखा से ₹35,000 निकालने के लिए धमकाया। डर के कारण पीड़ित ने ₹32,000 निकालकर आरोपी को दे दिए। इसी दौरान पीड़ित ने अपने वाहन मालिक को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वाहन चालक भी जरूरी काम पड़ जाने से अपने गांव चला गया था।

प्रार्थी द्वारा 21 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर थाना खरसिया में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 124/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के गांव बड़े डूमरपाली में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा लूट की रकम में से खर्च उपरांत शेष ₹3200 बरामद किए गए। आरोपी सोमनाथ डनसेना अपराधिक किस्म का आदतन बदमाश युवक है जिसके खिलाफ थाना खरसिया में कई मामले दर्ज हैं । आरोपी को कल शाम गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी

(1) सोमनाथ डनसेना उर्फ मालिकराम डनसेना (27 वर्ष) पिता – धनीराम डनसेना निवासी – ग्राम बड़े डूमरपाली, थाना खरसिया, जिला रायगढ़

Next Story