छत्तीसगढ़

महिला उत्पीड़न और लापता मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी

Nil dhankar
7 Feb 2026 4:16 PM IST
महिला उत्पीड़न और लापता मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी
x

रायपुर। कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन अंतर्गत थाना गंज पुलिस द्वारा विगत 24 घंटों के दौरान महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में त्वरित, संवेदनशील एवं विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। थाना गंज पुलिस ने न केवल गंभीर अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की, बल्कि पीड़ित महिलाओं एवं परिजनों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण, गोपनीयता और विश्वास को प्राथमिकता देते हुए कार्यवाही की।

थाना गंज में दर्ज अलग-अलग महिला संबंधी अपराधों में प्राप्त शिकायतों पर तत्परता से संज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा तकनीकी एवं पारंपरिक पतासाजी के माध्यम से आरोपियों को 24 घंटे के भीतर चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में आरोपीगण द्वारा पीड़िता को विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण किए जाने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे, जिन पर पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ साक्ष्य संकलन कर विधि अनुसार कार्रवाई की।

एक प्रकरण में आरोपी के जिले से बाहर होने की जानकारी मिलने पर थाना गंज पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित कर अंतर-जिला समन्वय के माध्यम से आरोपी को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े एक अन्य प्रकरण में महिला के साथ मारपीट की सूचना पर थाना गंज पुलिस द्वारा तत्काल मामला दर्ज कर त्वरित गिरफ्तारी की गई, जिससे महिला की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।

थाना गंज क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सघन तलाश अभियान चलाया गया। परिणामस्वरूप बालिका को 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर उसके कथन उपरांत परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस दौरान बालिका की मानसिक स्थिति एवं गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया। थाना गंज पुलिस की यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि रायपुर कमिश्नरेट में महिला सुरक्षा केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी के रूप में निभाई जा रही है। कम समय में परिणाम, पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण एवं गोपनीयता का पालन करने का प्रयास किया गया ।

Next Story
null