छत्तीसगढ़

अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद

Shantanu Roy
18 Sept 2025 8:23 PM IST
अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद
x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों पर नकेल कसने की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में थाना जांजगीर क्षेत्र के ग्राम बनारी स्थित सबरिया डेरा के सब स्टेशन के पास से लावारिश हालत में रखे गए 30 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब को पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बनारी सबरिया डेरा इलाके में अवैध शराब छुपाकर रखी गई है।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी मणीकांत पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सब स्टेशन के पास छानबीन की तो पन्नी पाउच में रखी हुई 30 लीटर कच्ची महुआ शराब लावारिश हालत में बरामद हुई। शराब को जब्त कर थाना लाया गया और अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई है। पुलिस का मानना है कि आरोपी मौके पर पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया। थाना जांजगीर प्रभारी निरीक्षक मणीकांत पाण्डेय ने बताया कि आरोपी की पतासाजी की जा रही है। जल्द ही उसकी पहचान कर विधिवत कार्यवाही की जाएगी। इस कार्रवाई में ASI नरेंद्र डिक्सेना एवं रिस्पॉन्स टीम की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि जिले में अवैध शराब बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में और सख्त अभियान चलाकर शराब माफियाओं और तस्करों पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा जिले के ग्रामीण इलाकों में कच्ची महुआ शराब का धंधा लंबे समय से फल-फूल रहा है। कई बार पुलिस कार्रवाई के बाद भी आरोपी फरार होकर फिर से यह कारोबार शुरू कर देते हैं। ऐसे में लगातार की जा रही पुलिस कार्रवाई शराब कारोबारियों पर दबाव बनाए रखने में अहम साबित हो रही है। जिले की जनता ने भी इस अभियान की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि अवैध शराब बिक्री पर रोक लगने से स्थानीय युवाओं और समाज पर पड़ने वाले नशे के दुष्प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
Next Story