छत्तीसगढ़
सुकमा मुठभेड़ में 5 लाख ईनामी महिला माओवादी ढेर, हथियार-बारूद बरामद
Shantanu Roy
18 Sept 2025 5:17 PM IST

x
छग
Sukma. सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ा सफलता हाथ लगी है। जिले की मलांगीर एरिया कमेटी (ACM) की सक्रिय महिला माओवादी बूस्की नुप्पो मारी गई। उस पर सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। घटना स्थल से सुरक्षा बलों ने 315 बोर रायफल, कारतूस, विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद किया है।
जंगल में चली घंटों मुठभेड़
सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि 18 सितंबर की सुबह थाना गादीरास क्षेत्र के गुफड़ी और पेरमापारा के बीच घने जंगल और पहाड़ी इलाकों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इस आधार पर डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान सुबह से ही नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। काफी देर तक दोनों ओर से गोलियां चलती रहीं। इसके बाद जब मुठभेड़ स्थल की तलाशी ली गई, तो वहां से एक महिला माओवादी का शव हथियार सहित बरामद हुआ। मृत महिला नक्सली की पहचान बूस्की नुप्पो (35 वर्ष), निवासी रेवाली, थाना अरनपुर, जिला दंतेवाड़ा के रूप में हुई है।
वांटेड माओवादी पर दर्ज थे कई मामले
पुलिस ने बताया कि बूस्की नुप्पो मलांगीर एरिया कमेटी (ACM) की सक्रिय सदस्य थी और लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई थी। उस पर सुकमा और दंतेवाड़ा जिले में कुल 09 गंभीर मामले दर्ज थे। इनमें थाना अरनपुर के 7, थाना कुंआकोंडा का 1 और थाना गादीरास का 1 मामला शामिल है। बूस्की नुप्पो पर पुलिस और सुरक्षाबलों पर हमला, विस्फोटक सामग्री रखने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और ग्रामीणों को हिंसा के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप थे।
बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है। इनमें शामिल हैं:
315 बोर रायफल – 01 नग
315 बोर रायफल कारतूस – 05 नग
वायरलेस सेट – 01 नग
डेटोनेटर – 08 नग
कोर्डेक्स वायर – लगभग 10 मीटर
जिलेटिन रॉड – 04 नग
पिट्ठू – 01 नग
बारूद और विस्फोटक
रेडियो
बंडा – 01 नग
नक्सली साहित्य और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं
इन सामग्रियों से यह स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे, लेकिन सुरक्षाबलों की तत्परता से उनकी योजना धरी की धरी रह गई।
पुलिस और आईजी का बयान
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने कहा कि यह ऑपरेशन नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता है। महिला माओवादी बूस्की नुप्पो लंबे समय से सक्रिय थी और क्षेत्र में कई नक्सली घटनाओं को अंजाम देने में उसकी भूमिका रही थी। वहीं, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने कहा कि अब नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। उन्होंने माओवादी कैडरों से अपील की कि वे समझ लें कि बंदूक का रास्ता उन्हें कहीं नहीं ले जाएगा। समय आ गया है कि वे हिंसा छोड़कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और मुख्यधारा से जुड़ें।
नक्सलवाद के खिलाफ लगातार सफलता
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में हाल के वर्षों में नक्सल विरोधी अभियानों में लगातार सफलता मिल रही है। सुरक्षा बलों ने कई शीर्ष नक्सल नेताओं और ईनामी माओवादियों को ढेर किया है। बड़ी संख्या में कैडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं। सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जैसे जिलों में चल रहे संयुक्त अभियानों ने नक्सलियों की गतिविधियों को कमजोर किया है। अब ज्यादातर नक्सली छोटे समूहों में सीमित क्षेत्रों तक सिमट गए हैं।
Tagsसुकमा मुठभेड़महिला माओवादी मारी गईबूस्की नुप्पोमलांगीर एरिया कमेटी5 लाख ईनामी नक्सलीडीआरजी ऑपरेशनसुकमा पुलिसनक्सल विरोधी अभियानबस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पीनक्सल पुनर्वास नीतिSukma encounterfemale Maoist killedBooski NuppoMalangir Area CommitteeNaxalite carrying a reward of Rs 5 lakhDRG operationSukma Policeanti-Naxal operationBastar Range IG Sundarraj PNaxal rehabilitation policy
Next Story





