छत्तीसगढ़

थाना प्रभारी को कुत्तों ने दौड़ाया, बचने के दौरान ट्रक की जद में आने से मौत

Nil dhankar
19 Jan 2026 11:53 AM IST
थाना प्रभारी को कुत्तों ने दौड़ाया, बचने के दौरान ट्रक की जद में आने से मौत
x

मुंगेली. राजस्थान और दिल्ली की निजी यात्रा छत्तीसगढ़ के एक थाना प्रभारी की अंतिम यात्रा बन गई. राजस्थान के भरतपुर जिले में एक ढाबे के पास अचानक कुत्तों के हमले से बचने की कोशिश में वह ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वह मुंगेली जिले के जरहागांव थाना के प्रभारी थे. उनकी पत्नी तखतपुर में शिक्षिका है. घटना के बाद से पुलिस महकमे में शोक है.

इस संबंध में मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा अपने साथियों के साथ निजी यात्रा पर थे और हादसे की सूचना मिलते ही भरतपुर पुलिस से लगातार संपर्क किया जा रहा है. वर्तमान में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, टीआई नंदलाल पैकरा राजस्थान के भरतपुर जिले में एक ढाबे से खाना पैक कराने के लिए सड़क किनारे खड़े थे. इस दौरान उनके हाथ में रखी रोटी पर अचानक कुत्तों ने झपट्टा मारने की कोशिश. कुत्तों से बचने की कोशिश में वह ट्रक की चपेट में आ गए.

नंदलाल पैकरा के आकस्मिक निधन से न केवल मुंगेली पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश के पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है. वे अपने कर्तव्यनिष्ठ, सरल स्वभाव और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे. उनके निधन को पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है.

Next Story