छत्तीसगढ़

पुलिस जवानों के साथ शराब कोचियों के परिजनों ने किया धक्का-मुक्की

Nil dhankar
27 Oct 2025 4:11 PM IST
पुलिस जवानों के साथ शराब कोचियों के परिजनों ने किया धक्का-मुक्की
x

रायगढ़। जिले में पुलिस महुआ शराब के मामले में कार्रवाई करने पहुंची थी। पुलिस जब आरोपियों को पकड़कर थाने ला रही थी, तभी उनके परिजनों ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्कामुक्की की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को पुसौर पुलिस की टीम एनटीपीसी लारा कोल गेट के पास पहुंची थी। उसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम बोड़ाझरिया में गांड़ाराम बंजारा (74 वर्ष) और उसका बेटा देवानंद बंजारा (46 वर्ष) घर के पीछे अवैध रूप से महुआ शराब बेच रहे हैं। पुलिस तुरंत वहां पहुंची और दोनों को टीपीएस मोपेड के साथ पकड़ लिया। मोपेड में रखे थैले से 60 पाउच महुआ शराब और जरिकेन में 5 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब और मोपेड दोनों जब्त कर लिए हैं।

पुलिस जब आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ला रही थी, तभी उनके परिजन सुशीला बंजारा और खगेश्वर बंजारा वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। पुलिस ने जब उन्हें शांत रहने की समझाइश दी, तो वे आरोपियों को थाने ले जाने से रोकने लगे और पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने लगे। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने गांड़ाराम और देवानंद बंजारा को गिरफ्तार कर थाने ले आई। पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ 34(2)-LCG, 59-LCG, 132-BNS, 221-BNS, 296-BNS और 3(5)-BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Next Story
null