छत्तीसगढ़
दीपावली पर पुलिस अलर्ट, SP अंकिता शर्मा ने दिए सख्त निर्देश
Shantanu Roy
4 Nov 2026 9:11 PM IST

x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दीपावली और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने राजपत्रित अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विजिबल पुलिसिंग, फील्ड पुलिसिंग और प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिसकर्मी केवल प्रमुख चौक-चौराहों और निर्धारित ड्यूटी स्थलों तक सीमित नहीं रहें, बल्कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखें। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और व्यापारियों के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया जाए, ताकि किसी भी समस्या की जानकारी समय रहते मिल सके और उसका तत्काल समाधान किया जा सके।
दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। प्रमुख बाजारों में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने, नो-पार्किंग जोन का पालन कराने और आवश्यकता पड़ने पर यातायात डायवर्जन की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए। पैदल आने-जाने वाले नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अधिक भीड़ रहने वाले समय में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र, हेल्प डेस्क अथवा अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की तैयारी की जाए। इन केंद्रों का उद्देश्य खरीदारी करने आने वाले नागरिकों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना होगा।
त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने सिविल टीम और संबंधित थाना पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों तथा आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर नजर रखने को कहा। आवश्यकता के अनुसार चेकिंग और नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सराफा व्यापारियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स और अन्य प्रमुख व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान चोरी, उठाईगिरी, जेबकतरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों को रोकने के लिए व्यापारियों को जागरूक करना आवश्यक है।
व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपाय अपनाने की अपील करने को कहा गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए व्यापारिक संगठनों से सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस बल को तत्काल मौके पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए कंट्रोल रूम, पेट्रोलिंग टीम और थाना प्रभारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
बैठक में शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। एसपी ने निर्देश दिए कि दीपावली के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले मड़ई-मेला और अन्य पारंपरिक आयोजनों की जानकारी पहले से एकत्र की जाए। आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित थाना प्रभारी आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करें। त्योहारी सीजन में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले मामलों में प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और किसी भी अवैध गतिविधि को शुरुआती स्तर पर रोकने के लिए प्रिवेंटिव पुलिसिंग मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को समझाया कि विजिबल पुलिसिंग का उद्देश्य आम नागरिकों के बीच पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करना है। फील्ड पुलिसिंग के माध्यम से अधिकारी सीधे जनता के संपर्क में रहकर समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं प्रिवेंटिव पुलिसिंग के जरिए अपराध और अव्यवस्था की संभावनाओं को समय रहते नियंत्रित किया जा सकता है। एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस का व्यवहार नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील होना चाहिए। आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था भंग करने वाले और अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के लिए समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिक बिना किसी भय और असुविधा के दीपावली तथा अन्य त्योहारों का आनंद ले सकें।
Next Story





