
राजनांदगांव। शहर के मोहड़ वार्ड में हुए चर्चित गोलीकांड में पुलिस ने 200 पेज की चार्जशीट पेश की है। मामले के आरोपियों ने पूर्व में जमानत याचिका जिला न्यायालय में पेश की थी, जहां से जमानत याचिका खारिज कर दी गई है।
इधर मामले में संलिप्तता के आरोप पर सस्पेंड हुए तत्कालीन सोमनी टीआई सत्यानारायण देवांगन को भी बहाल कर दिया गया है। टीआई देवांगन का एक ऑडियो-वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वे गोलीकांड के आरोपियों से संरक्षण देने की बात कह रहे हैं। जिसके बाद टीआई देवांगन को सस्पेंड कर दिया गया था।
मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसपी मुकेश ठाकुर को दी गई। लेकिन जांच पूरी होने के पहले ही टीआई देवांगन को बहाल कर दिया गया है। इससे भी विभागीय प्रक्रिया पर सवाल खड़ा हो रहा है। बता दें कि मोहड़ में 11 जून को रेत तस्करी की योजना के साथ पहुंचे बदमाशों ने ग्रामीणों पर फायरिंग की थी। घटना के बाद से बसंपुर पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनको लेकर अब चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।





