छत्तीसगढ़

पुलिस को ‘‘ऑपरेशन बाज’’ में बड़ी सफलता, सट्टा खेलते संजय साहू गिरफ्तार

Shantanu Roy
13 Nov 2025 11:20 PM IST
पुलिस को ‘‘ऑपरेशन बाज’’ में बड़ी सफलता, सट्टा खेलते संजय साहू गिरफ्तार
x
छग
Mungeli. मुंगेली। मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘‘ऑपरेशन बाज’’ के तहत सट्टा गतिविधियों पर कड़ा नियंत्रण जारी है। इसी क्रम में थाना चिल्फी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम रैतरा से पुलिस ने सट्टा खेलते संजय उर्फ संजु साहू (23) पुत्र अजय साहू निवासी पथर्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी संजय साहू आम जनता को पैसे का लालच देकर अंक तय करवाता और मोबाइल तथा कागज पर सट्टा पट्टी लिखवाता था। आरोपी के कब्जे से कुल 60,700 रुपये नगद, सट्टा पट्टी के लिए इस्तेमाल किए गए कागज और 2 मोबाइल (Oppo व Real Me) तथा 1 डॉट पेन जप्त किए गए। मोबाइल और अन्य उपकरणों की कीमत लगभग 15,000 रुपये बताई गई है। कुल मूल्य 75,700 रुपये आंका गया। आरोपी संजय साहू के खिलाफ थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 174/25, धारा 6 छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्यवाही की गई। गिरफ्तारी के समय आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी संलग्न किया गया। मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है।

सट्टा गतिविधियों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध और सख्त कार्रवाई की जाए। ‘‘ऑपरेशन बाज’’ के तहत जनवरी 2025 से अक्टूबर 2025 तक जिले में कुल 38 प्रकरणों में 38 सटोरियों से 1,51,210 रुपये नगद, सट्टा पट्टी और मोबाइल जप्त किए गए हैं। गिरफ्तारी अभियान में अति. पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह का मार्गदर्शन रहा। थाना चिल्फी पुलिस और साइबर सेल ने मुखबीर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस कार्रवाई में निरीक्षक रघुवीर चन्द्रा (थाना प्रभारी, चिल्फी), साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर, सउनि लव सिंह ध्रुव, प्र. आर. नरेश यादव, सिद्धेश्वर बंजारे, आर. भेषज पाण्डेकर, गिरीराज, राकेश बंजारे, रवि मिंज और विजय साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया कि ‘‘ऑपरेशन बाज’’ का उद्देश्य जिले में सट्टा गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करना है और सट्टा में शामिल सटोरियों, खाइवालों एवं उनके सहयोगियों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि ऐसे किसी भी मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज में सट्टा एवं जुआ जैसी अवैध गतिविधियों को रोका जा सके। इस अभियान से जिले में कानून-व्यवस्था में सुधार और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस की यह कार्रवाई ‘‘ऑपरेशन बाज’’ के तहत जिले में सट्टा निषेध और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Next Story