विसर्जन झांकी में यातायात व्यवस्था बनाने कार्य करने वाले पुलिस मितानों का हुआ सम्मान

रायपुर। जिला रायपुर में सड़क हादसों में लगातार मौतों की संख्या बढ़ रही है। सड़क हादसे होने पर घायल व्यक्ति की समय पर उपचार नही मिलने से सड़क पर तड़प-तड़पकर जान चली जाती है। लोग घायलों की मदद करने के लिए आगे आने से कतराते है पुलिस को सूचना मिलने व घायल तक पहुॅचने में विलंब हो जाता है जिसके कारण मौतें बढ़ रही है।
पुलिस के पहुॅचने से पहले घायलों को हास्पिटल तक पहुॅचा दे या डायल 112 को सूचना देकर एम्बुलेंस बुलाकर घायल को हास्पिटल पहुॅचाने के उद्देश्य से स्थानीय व्यक्ति आगे आए जिससे समय पर घायल हास्पिटल तक पहुॅच जाए। इन्ही उद्देश्य के साथ ऐसे स्थानीय लोगों को पुलिस मितान बनाकर पुलिस से जोड़ने की पहल, नवाचार डॉ. लाल उमेद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर द्वारा की गयी जिसके मार्गदर्शन से सभी थाना क्षेत्रों से काफी संख्या में पुलिस मितान बनाया गया है। पुलिस मितान बनने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के युवा वर्ग स्वयं से आगे आकर जुड़ रहे है। पुलिस मितान, पुलिस के सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे है। जिला रायपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस मितान विभिन्न जनहितैशी गतिविधियों में सामने आकर गांव के उत्थान के लिए काम कर रहे है।
इसी पहल पर राजधानी में गणेशोत्सव पर्व के दौरान दर्शकों को निर्बाध आवागमन मिल सके इसके लिए यातायात व्यवस्था में सहयोग करने पुलिस मितानों ने स्वयं से इच्छा जाहिर की और 38 पुलिस मितान गणेश स्थापना के दिन से गणेश विसर्जन झांकी चल समारोह तक संध्या 06.00 बजे से रात्रि 01.00 बजे तक भीड़भाड़ वाले क्षेत्र पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, तात्यापारा चौक, गुरूनानक चौक, चिकनी मंदिर, सद्दाणी चौक, कंकालीपारा चौक में यातायात पुलिस के सहयोग में लगातार काम किये। इस पुलिस मितानों का नागरिकों को सुविधा देकर यातायात व्यवस्था बनाने में कार्य के प्रति उत्साह, उमंग एवं जुझारू होने का जज्बा देखने को मिला। नागरिकों ने भी यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस मितान के कार्यों को सराहा। गणेश विसर्जन झांकी जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य में यातायात व्यवस्था बनाने के साथ साथ पुलिस के बदमाशों के चेकिंग कार्यो में भी कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया। इन पुलिस मितानों को उनके कार्यों के प्रति लगन, समर्पन एवं जुझारूपन को देखते हुए डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।





