छत्तीसगढ़

भाठागांव अंतरराज्यीय बस स्टैंड में यात्रियों की सुरक्षा पर पुलिस–बस संचालक संवाद

Shantanu Roy
6 Feb 2026 11:52 PM IST
भाठागांव अंतरराज्यीय बस स्टैंड में यात्रियों की सुरक्षा पर पुलिस–बस संचालक संवाद
x
Raipur. रायपुर। यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भयमुक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा “संवाद से समाधान कार्यक्रम” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शहर के अंतरराज्यीय बस स्टैंड परिसर, भाठागांव स्थित पुलिस सहायता केंद्र में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल ने की, जिसमें बस संचालक, एजेंट, परिचालक और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। डीसीपी संदीप पटेल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संवाद ही समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थलों पर यात्रियों की सुरक्षा पुलिस और बस संचालकों की साझा जिम्मेदारी है। यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, बस स्टैंड परिसर में अनुशासन बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीसीपी ने सभी बस संचालकों, ड्राइवरों और कंडक्टरों को निर्देशित किया कि वे यात्रियों के साथ सौम्य और सम्मानजनक व्यवहार रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश देते हुए डीसीपी ने कहा कि रात्रिकालीन यात्राओं के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतना आवश्यक है। बसों में महिला यात्रियों के बैठने, चढ़ने-उतरने और उनके सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को सजग रहना होगा।

इसके साथ ही बस स्टैंड परिसर में नशाखोरी, अवैध वसूली, दलाली, चोरी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की अपील की गई। डीसीपी ने कहा कि यदि पुलिस और बस संचालक मिलकर कार्य करेंगे तो यात्रियों को एक सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण मिल सकेगा, जिससे आम नागरिकों का परिवहन व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होगा। बैठक में एसीपी राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल ने भी बस संचालकों एवं एजेंटों से संवाद करते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान टकराव से नहीं, बल्कि आपसी समन्वय से संभव है। उन्होंने बस संचालकों से अपील की कि वे पुलिस के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी तुरंत साझा करें। बैठक के अंत में उपस्थित सभी बस संचालकों और एजेंटों ने यात्रियों की सुरक्षा, व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस के साथ पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
Next Story