छत्तीसगढ़

अवैध निर्माण रोकने पहुंचे पटवारी पर हमला, घरघोड़ा थाने में अपराध दर्ज

Shantanu Roy
25 Nov 2026 3:53 PM IST
अवैध निर्माण रोकने पहुंचे पटवारी पर हमला, घरघोड़ा थाने में अपराध दर्ज
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तहसीलदार के मौखिक निर्देश पर निरीक्षण करने पहुंचे पटवारी के साथ दो भाइयों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना में पटवारी के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। पीड़ित पटवारी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पोरडा निवासी शिवानंद गिरी (37 वर्ष) वर्तमान में राजस्व निरीक्षक मंडल कुडुमकेला, घरघोड़ा के अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर आठ ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। गुरु नानक जयंती के अवकाश के दिन वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान तहसीलदार ने उन्हें शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण की सूचना देते हुए मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने बताया कि ग्राम तिलाईपाली रायकेरा क्षेत्र के नयारामपुर में एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास स्थित शासकीय भूमि पर प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी गुप्ता द्वारा अतिक्रमण किए जाने की सूचना मिली है। तहसीलदार के मौखिक आदेश पर पटवारी शिवानंद गिरी तत्काल निरीक्षण के लिए रवाना हुए। रास्ते में खगेश्वर गुप्ता के मिलने पर उन्हें भी अपने साथ लेकर घटनास्थल पहुंचे।
पटवारी ने अपनी शिकायत में बताया कि निरीक्षण के दौरान प्यारीलाल गुप्ता द्वारा संबंधित शासकीय भूमि पर शेड का निर्माण कराया जा रहा था। उक्त भूमि का कुछ हिस्सा वन विभाग और कुछ हिस्सा राजस्व विभाग के अंतर्गत होने के कारण पटवारी ने वन विभाग के कर्मचारी सुभाष कुमार कर्ष से संपर्क किया। वन कर्मचारी ने एक-दो दिन बाद मौके पर पहुंचकर जांच करने की बात कही।
इसके बाद पटवारी ने प्यारीलाल गुप्ता को शासकीय भूमि पर निर्माण नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने संयुक्त जांच पूरी होने तक एक-दो दिनों के लिए निर्माण कार्य रोकने को कहा। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर प्यारीलाल गुप्ता ने पटवारी के साथ विवाद शुरू कर दिया और उनसे पूछा कि वह किसके आदेश पर जांच करने पहुंचे हैं। पटवारी ने तहसीलदार के निर्देश पर आने की जानकारी देते हुए मोबाइल फोन के माध्यम से प्यारीलाल गुप्ता की तहसीलदार से बातचीत कराई। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान प्यारीलाल ने तहसीलदार से भी अभद्र व्यवहार किया।
तहसीलदार से बातचीत के बाद पटवारी जब वापस लौट रहे थे, तभी प्यारीलाल गुप्ता ने वहां मौजूद उत्तर कुमार गुप्ता पर निर्माण कार्य की सूचना देने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने उत्तर कुमार के साथ हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की। इस दौरान पटवारी शिवानंद गिरी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि प्यारीलाल गुप्ता ने पटवारी के साथ भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच प्यारीलाल का बड़ा भाई विजय गुप्ता भी वहां पहुंचा और उसने भी कथित तौर पर पटवारी के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की।
मारपीट की घटना में पटवारी शिवानंद गिरी के गाल, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित पटवारी ने घरघोड़ा थाने पहुंचकर दोनों भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्यारीलाल गुप्ता और विजय गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 132, 223, 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में अभी जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Next Story