छत्तीसगढ़

किसान से रिश्वत लेते पटवारी अरेस्ट, ACB टीम ने दबोचा

Nilmani Pal
10 Sept 2025 2:47 PM IST
किसान से रिश्वत लेते पटवारी अरेस्ट, ACB टीम ने दबोचा
x
छग

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर तहसील में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने पण्डरी गांव में पदस्थ पटवारी मोहन सिंह को 13 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। यह रिश्वत एक किसान से जमीन बंटवारे के नाम पर ली जा रही थी।

जानकारी के मुताबिक, वाड्रफनगर के एक किसान ने अपनी पैतृक जमीन के बंटवारे के लिए पटवारी कार्यालय में आवेदन दिया था। किसान का आरोप है कि पटवारी लंबे समय से काम को टालता रहा और बार-बार पैसों की मांग करता रहा। आखिरकार उसने बंटवारे के बदले 13 हजार रुपये रिश्वत तय कर दी। जब किसान ने देने से इंकार किया तो पटवारी ने काम करने से भी साफ मना कर दिया। लगातार दबाव और परेशानियों से तंग आकर किसान ने ACB में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने योजना बनाकर जाल बिछाया और पटवारी को पैसे लेते ही धर दबोचा। मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

Next Story
null