छत्तीसगढ़
शहीद STF जवान के माता-पिता का आरोप, बहू को 84 लाख मिलने के बाद हुई बेपरवाह
Shantanu Roy
4 Nov 2026 7:23 PM IST

x
छग
Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से बेहद भावुक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले एक शहीद स्पेशल टास्क फोर्स (STF) जवान के बुजुर्ग माता-पिता ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 76 वर्षीय असहाय पिता और 68 वर्षीय मां का आरोप है कि बेटे की शहादत के बाद शासन से मिली अनुकंपा नियुक्ति और लगभग 84 लाख रुपये की भारी-भरकम आर्थिक सहायता राशि हासिल करने के बाद बहू ने उन्हें बेसहारा छोड़ दिया है। बुजुर्ग माता-पिता ने सरगुजा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय दिलाने, अनुकंपा नियुक्ति की शर्तों के उल्लंघन की जांच करने और भरण-पोषण की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले के ग्राम अमदला निवासी रामशंकर सिंह छत्तीसगढ़ पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में पदस्थ थे। 3 मार्च 2021 को बीजापुर जिले में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में वे अदम्य साहस का परिचय देते हुए शहीद हो गए थे। रामशंकर की कोई संतान नहीं थी। बेटे की शहादत के पश्चात शासन के नियमानुसार शहीद परिवार की देखभाल और भरण-पोषण की अनिवार्य शर्त पर उनकी पत्नी बिस्तुरी सिंह को पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई थी। शहीद जवान के वृद्ध पिता दुखराम (76 वर्ष) और माता दुलारी बाई (68 वर्ष) ने रोते हुए अपना दर्द साझा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एएसआई के पद पर सरकारी नौकरी मिलने और शासकीय आर्थिक सहायता प्राप्त होने के बाद बहू के व्यवहार में पूरी तरह बदलाव आ गया। नौकरी लगते ही उसने बुजुर्ग सास-ससुर से संबंध तोड़ लिए और उनका भरण-पोषण करने से साफ इनकार कर दिया।
बुजुर्गों का दावा है कि नौकरी पाने के बाद बहू अपना अलग मकान बनवाकर रहने लगी है। इतना ही नहीं, शहीद बेटे रामशंकर ने अंबिकापुर शहर में अपने जीवनकाल के दौरान जो मकान बनवाया था, उस पर भी बहू ने अपना ताला जड़ दिया है और सास-ससुर को वहां रहने नहीं दे रही है। अब स्थिति यह है कि बहू कभी अपने ससुराल अमदला भी नहीं आती-जाती। इस उम्र में बेघर और बेसहारा होने के कारण दोनों बुजुर्ग अपने छोटे बेटे जय सिंह के आश्रय में रहने को मजबूर हैं, जो बेहद सीमित संसाधनों में मजदूरी और छोटी-मोटी खेती-किसानी करके अपने माता-पिता का पेट पाल रहा है। पीड़ित बुजुर्ग माता-पिता ने प्रशासन को सौंपी अपनी शिकायत में एक और बड़ा आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि बेटे की शहादत के बाद शासकीय योजनाओं और वित्तीय सहायता के तहत लगभग 84 लाख रुपये मिलने की जानकारी सामने आई थी, जबकि बहू ने उनसे यह तथ्य छिपाया और केवल 25 लाख रुपये मिलने की ही बात कही। माता-पिता का आरोप है कि शहादत की अनुग्रह राशि और हर महीने मिलने वाले शासकीय वेतन से बहू ने लग्जरी कार, स्कूटी, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, महंगी जमीनें और बैंक में मोटी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) जैसी निजी संपत्तियां बना ली हैं, लेकिन अपने बुजुर्ग सास-ससुर को एक रुपया तक नहीं दिया। इसके अलावा, बुजुर्गों के पास शहीद बेटे का आधार कार्ड, शहीद प्रमाण पत्र और आश्रित परिवार सूची जैसे आवश्यक दस्तावेज भी नहीं हैं। जब उन्होंने बहू से इन दस्तावेजों की छायाप्रति मांगी, तो उन्हें देने से साफ मना कर दिया गया। सरगुजा कलेक्टर और एसपी को दी गई शिकायत में बुजुर्गों ने मांग की है कि अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करते समय तय की गई "माता-पिता के भरण-पोषण" की कानूनी शर्त का पालन कराया जाए। यदि बहू इस शर्त का उल्लंघन कर रही है, तो उसकी नियुक्ति की समीक्षा की जाए और आर्थिक सहायता राशि में से बुजुर्ग माता-पिता का न्यायसंगत हक दिलाया जाए। फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
Next Story





