छत्तीसगढ़

रायपुर के झुग्गी झोपड़ी से करोड़ों की पैंगोलिन का रेस्क्यू, दो गिरफ्तार

Nilmani Pal
22 April 2026 3:48 PM IST
रायपुर के झुग्गी झोपड़ी से करोड़ों की पैंगोलिन का रेस्क्यू, दो गिरफ्तार
x

रायपुर। छत्तीसगढ़ वन विभाग की टीम ने रायपुर में 50 करोड़ की पैंगोलिन के साथ दो तस्करों को पकड़ा है। दोनों आरोपी छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के रहने वाले है। जब्त पैंगोलिन का कुल वजन 20 किलो बताया जा रहा है। वन विभाग की टीम दोनों तस्करों के खिलाफ आगे की जांच कार्रवाई कर रही है। पकड़े गए आरोपियों का नाम प्यारेलाल गोपचे और गोखन हलदार है।

जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि भाठागांव के पास रावांभाठा, वालफोर्ट सिटी रायपुर के पीछे एक झुग्गी झोपड़ी में दो आरोपीसंदिग्ध रूके हुए हैं। दोनों के पास जिंदा पैंगोलिन है। वन विभाग ने इस सूचना को गंभीरता से लिया और एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा गया। ग्राहक बनकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तस्करों को पैंगोलिन दिखाने को कहा। दोनों आरोपियों ने जिंदा पैंगोलिन दिखाई, जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ बताई थी। सौदा होने के बाद कर्मचारी ने बाहर इंतजार कर रहे वन विभाग की टीम को इशारा कर झोपड़ी में आने को कहा।

टीम जैसे ही पहुंची तो आरोपी उन्हें देखकर घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें टीम ने दौड़ाकर पकड़ा। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 किलो वजनी पैंगोलिन जब्त की गई। वन विभाग की टीम ने बताया कि आरोपियों की जानकारी मिलने के बाद से पिछले एक सप्ताह से उनकी तलाश कर रहे थे। कड़ी मेहनत के बाद दोनों आरोपियों को आज पकड़ा गया। दोनों आरोपी अलग-अलग जिले के रहने वाले है।

Next Story