
दंतेवाड़ा। जिले के गीदम से लगे हारम में आज 7 दिसंबर से पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यकम शुरू हो गया है। वे 13 दिसंबर तक शिव महापुराण करेंगे। एक दिन पहले कलश यात्रा निकाली गई थी। इसी दिन रात में पंडित प्रदीप मिश्रा गीदम पहुंचे जहां शहर के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
वहीं आज गीदम कृषि उपज मंडी के पास स्थिति कार्यक्रम स्थल पर 2 बजे से शिव महापुराण शुरू हुआ है। 2 दिन पहले से ही सैकड़ों भक्त यहां पहुंच गए थे। समिति सदस्यों का कहना है कि करीब 1 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। शिव महापुराण को लेकर भक्तों में इतनी आस्था है कि कार्यक्रम शुरू होने से ठीक 2 दिन पहले ही कई भक्त कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अपनी जगह बना लिए हैं। शिव महापुराण में सिर्फ छ्त्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि आंध्र प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से भी लोग पहुंचे हैं।
समिति सदस्यों की मानें तो करीब एक लाख से ज्यादा की भीड़ जुटने की संभावना है। गांव-गांव में बना रहे पत्तल वहीं पूरे 7 दिनों तक शिव महापुराण समिति भंडारा का आयोजन कर रही है। खास बात है कि जिले के अलग-अलग करीब 7 से 10 गांव के लोग खुद अपनी इच्छा से लगभग 10 लाख पत्तल बनाने में जुटे हुए हैं।





