छत्तीसगढ़

पामगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
16 Sept 2026 11:06 PM IST
पामगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पामगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बिक्री करने के उद्देश्य से अपने पास शराब रखे हुए है। सूचना मिलते ही थाना पामगढ़ पुलिस ने तत्काल टीम भेजकर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
आरोपी के कब्जे से मिली शराब
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान रविदास महंत (43 वर्ष) निवासी सरखो चौकी नैला, हाल मुकाम पामगढ़, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कीमत करीब 2 हजार रुपये है।
आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
शराब रखने और बिक्री के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार कोशले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल, सीताराम सूर्यवंशी और आकाश कलोसिया का सराहनीय योगदान रहा।
Next Story