छत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन

Shantanu Roy
8 Sept 2026 9:05 PM IST
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन
x
छग
Bemetara. बेमेतरा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के आदेशानुसार एवं माननीय अध्यक्ष/प्रधान जिला न्यायाधीश सरोज नन्द दास के मार्गदर्शन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा स्वर्णलता ओम यादव की उपस्थिति में आज अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर लक्ष्मण प्रसाद वैद्य शासकीय कन्या महाविद्यालय, बेमेतरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया गया कि साक्षरता प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षा एवं
साक्षरता
के माध्यम से व्यक्ति अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने में सक्षम होता है तथा समाज में सम्मानपूर्वक एवं आत्मनिर्भर जीवन जी सकता है। अशिक्षा के कारण व्यक्ति अपने अधिकारों की जानकारी से वंचित रह जाता है और अनेक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर हो जाता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का साक्षर होना आवश्यक है। इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई।


साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं को नालसा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में बताते हुए कहा गया कि जरूरतमंद व्यक्ति इस नंबर के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। शिविर के दौरान प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने की प्रक्रिया एवं पीड़ित व्यक्ति के अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही टोनही प्रताड़ना अधिनियम के प्रावधानों तथा अंधविश्वास एवं टोनही के नाम पर महिलाओं के साथ होने वाली प्रताड़ना के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी संरक्षण के संबंध में छात्राओं को जागरूक किया गया। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बहेरा, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, मूंग वाय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उमरिया, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, तिलका पारा नवागढ़ तथा तालुका साजा अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल, परसबोड़ शामिल हैं। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को साक्षरता के महत्व के साथ-साथ उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
Next Story